रामलला के दर्शन करने पहुंचे राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष.... ‘मायरा’ भेजने पर की चर्चा
रायपुर। अयोध्या में रामलला की जन्मभूमि में प्राणप्रतिष्ठा हो और ननिहाल का योगदान न हो यह कैसे हो सकता है। रामलला के दर्शनार्थ राजधानी रायपुर से छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसियेशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल अयोध्या पहुंचे। योगेश ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े संत महात्माओं से मुलाकात की। इसके साथ ही साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए कार्य कर रहे विश्व हिन्दू परिषद के आश्रम भी पहुंचे। योगेश ने वहां कारसेवकपुरम् के भरतकुटी में विश्व हिन्दू परिषद के संगठन महामंत्री विनायक राव और केन्द्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज से मुलाकात कर उनसे कई महत्वपूर्ण विषयों में चर्चा की।
योगेश अग्रवाल ने परिषद के पदाधिकारियों को बताया छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, यहां कुल 25 सौ राइस मिलें हैं। हम सब ने तय किया है रामलला के प्राणप्रतिष्ठा समारोह में देशभर से आ रहे रामभक्तों के भोजन प्रसादी के लिए 300 टन (3000 कुंतल) चावल “मायरा” के रूप में भेजेंगे।”
उन्होंने कहा कि 11 ट्रकों में छत्तीसगढ़ की विभिन्न प्रजातियों का चावल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा अयोध्या के लिए रवाना किया जाएगा। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद के संगठन महामंत्री विनायक राव और केन्द्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज ने योगेश अग्रवाल को श्री रामजन्मभूमि का माडल भेंट स्वरूप प्रदान किया और उतरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। संगठन के केन्द्रीय मंत्री पंकज ने न्यास की ओर से उन्हें चावल लाने का अधिकारपत्र भी सौंपा।