अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी आज से
रायपर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की छत्तीसगढ़ से जुड़ी स्मृतियों के संबंध में एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आरंभ की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक पर आधारित छायाछित्र प्रदर्शनी आज से नालंदा परिसर में शुरू होगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ शाम 6.30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
प्रदर्शनी का आयोजन जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसमें अटल जी के कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों तथा छत्तीसगढ़ से जुड़े उनके प्रवास के दुर्लभ छायाचित्रों को दिखाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के अनेक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में आरंभ हुए हैं जिनसे छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रदर्शनी में इनका अवलोकन भी किया जा सकेगा। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आरंभ की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है जिनका लाभ उठाकर छत्तीसगढ़ समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। प्रदर्शनी सातों दिन आम जनता के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।