रायपुर

महाराष्ट्रीयन तेली समाज के परिचय सम्मेलन में महाराष्ट्र व ओडिशा से भी आए लोग

रायपुर। महाराष्ट्रीय तेली समाज रायपुर छत्तीसगढ़ की ओर से समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन अश्वनी नगर नगर समाज के भवन में आयोजित किया गया। परिचय सम्मेलन में राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश से प्रतिभागियों ने शिरकत की। वहीं कुछ प्रतिभागी महाराष्ट्र और ओडिशा से भी सम्मेलन में शामिल होने आए थे।

सभी ने मंच पर खड़े होकर अपने परिचय प्रस्तुत किये। तेली समाज के पदाधिकारी ने सुबह से उपस्थित होकर प्रतिभागियों से बायोडाटा भरवाया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भीड़ समाज के भवन में पहुंचने लगी। दोपहर से शुरू हुए इस विवाह योग्य युवक युवती परिचय सम्मेलन में समाज के युवक युवतियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

महाराष्ट्रीयन तेली समाज रायपुर के अध्यक्ष राजकुमार बारबुधे, प्रकाश तलमले और युवा विंग के राहुल बावनकर ने बताया कि सामाजिक बंधुओं को खर्चीली शादी से दूर रखने के लिए इस परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया है ताकि एक स्थान पर सभी सामाजिक बंधु एकत्रित भी हो और विवाह में होने वाले खर्चीले तामझाम से समाज को मुक्त रखा जाए। उन्होंने यह भी बताया कि परिचय सम्मेलन के बाद भवन में ही काउंसलिंग की भी व्यवस्था है अगर किसी युवक युवतियों को आपस में रिश्ता बनाना है तो समाज के पदाधिकारी उन्हें काउंसलिंग में पूरा सहयोग देंगे।