रायपुर

वन नेशन-वन राशन कार्ड से देश के किसी भी दुकान से ले सकते हैं राशन, 283 नई राशन दुकानें खोली गई

 
रायपुर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता संरक्षण विभाग  मंत्री दयालदास बघेल के विभाग से संबंधित 3,033 करोड़ 48 लाख 88 हजार रूपए की अनुदान मांगें छत्तीसगढ़ विधानसभा में चर्चा के बाद पारित की गई। खाद्य मंत्री ने बताया कि वर्ष 2019 में जारी किए गए राशनकार्डों का नवीनीकरण का कार्य राज्य शासन द्वारा 25 जनवरी, 2024 से प्रारंभ किया गया है। इस अभियान में 77 लाख 10 हजार प्रचलित राशनकार्डों का नवीनीकरण किया जा रहा है। राशनकार्डधारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग द्वारा तैयार किए गए मोबाईल एप्प के जरिए अत्यंत सरल तरीके से ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने का प्रावधान किया गया है। जिन हितग्राहियों के पास मोबाईल नहीं है, उनके लिए उचित मूल्य दुकान स्तर पर दुकान संचालक द्वारा संचालित एप्प के जरिए आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा दी गई है। 

 बघेल ने बताया कि नवीन उचित मूल्य दुकान राज्य में पीडीएस की अधोसंरचना के विस्तार हेतु वर्तमान वित्तीय वर्ष में 283 नई उचित मूल्य की दुकानें खोली गई है, जिसके कारण हितग्राहियों को अधिक सुगमता से राशन सामग्री प्राप्त हो रही है। राशनकार्ड वर्तमान वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान जनवरी 2024 तक 03 लाख 57 हजार नये राशनकार्ड जारी किए गए हैं तथा 4 लाख 79 हजार नये सदस्यों के नाम राशनकार्डों में जोड़े गए हैं।

खाद्य मंत्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय अनुसार राज्य सरकार द्वारा 67 लाख 80 हजार अंत्योदय तथा प्राथमिकता राशन कार्डधारी गरीब परिवारों को जनवरी 2024 से दिसम्बर 2028 तक निःशुल्क चावल वितरण करने का निर्णय लिया गया है। फोर्टिफाईड चावल वितरण योजना के जरिए पीडीएस मध्यान्ह भोजन योजना एवं पूरक पोषण योजना के हितग्राहियों में एनीमिया एवं अन्य पोषक तत्वों की कमी को दूर करने के लिए फोर्टिफाईड चावल वितरण किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रदेश के समस्त जिलों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत अंन्तयोदय, प्राथमिकता, निराश्रित एवं निःशक्तजन राशनकार्डधारियों को फोर्टिफाईड चावल का वितरण किया जा रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2023-24 में दिसंबर, 2023 तक पीडीएस के अंतर्गत हितग्राहियों को 19 लाख 14 हजार टन फोर्टिफाईड चावल का वितरण किया गया है।