मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की दी बधाई
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 08 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी माताओं, बहनों और बेटियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनका सशक्तिकरण करने और लैंगिक समानता के उद्देश्य को लेकर पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।
साय ने कहा है कि महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सुरक्षा के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। इसके लिए इस वर्ष 2024-25 में महिला एवं बाल विकास के बजट को लगभग दोगुना से अधिक कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा ग्यारह हजार से अधिक पंचायतों में महिला सदन खोलने, नवीन महिला थाना स्थापना के लिए 300 नवीन पदों का प्रावधान और महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान रखने जैसे कई प्रावधान बजट में किए गए हैं। साय ने कहा है कि महिलाओं के लिए विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर काम करती रहेगी। समाज और प्रत्येक व्यक्ति भी महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और उन्हें आगे बढ़ने का सुरक्षित और पूरा अवसर प्रदान करें।