रायपुर

बच्चों से भरी स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर... शिक्षिका समेत 16 बच्चे घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ग्राम भरदा से एक सड़क हादसे की खबर आ रही है। शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बच्चों से भरी एक स्कूल बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस के केयरटेकर सहित 16 बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए अर्जुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त ट्रक राजनांदगांव से गुंडरदेही की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बस को उसने चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कुछ बच्चों को भरदा के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं शिक्षिका समेत 7 बच्चों को इलाज के लिए अर्जुन्दा लाया गया। इसके अलावा गंभीर रूप से घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. जहां उनका इलाज जारी है। 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद घायलों मिलने स्वास्थ केंद्र पहुंचे और घायलों का हाल जाना। वहीं हादसे में घायल बच्चों के परिजन और मौके पर मौजूद आसपास के लोग अस्पताल पहुंचे हुए है।