रायपुर

कुम्हारी में कर्मचारियों से भरी बस खाई में गिरी, 11 लोगों की मौत कई घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले में मंगलवार रात कर्मचारियों से भरी बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 11 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 16 से अधिक लोग घायल हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। जिला प्रशासन के अफसर भी पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर किया गया है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई थी। सीएम साय ने हादसे पर शोक जताया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा कुम्हारी में खपरी रोड पर मुरुम खदान के पास हुआ है। केडिया डिस्टलरी के कर्मचारी प्लांट से बस में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ है। बस में 46 लोगों के सवार होने की बातें कही जा रही है। सभी घायलों को रायपुर एम्स और मेकाहारा लाया गया है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। हालांकि अभी पुलिस की ओर से मौत के आंकड़े की पुष्टि नहीं की गई है।

बता दें कि कुम्हारी बस्ती से होकर केडिया डिस्टलरी के लिए रास्ता गया हुआ है। कुम्हारी के स्वास्थ्य केंद्र के आगे एक सड़क गई है। दोनों तरफ गहरी खाई है और बीच से रास्ता है। सड़क पर कोई संकेतक भी नहीं है। नजर हटी और दुर्घटना घटी जैसी स्थिति है। रोज की तरह बस कर्मचारियों को वापस लेकर लौट रही थी, तभी हादसा हुआ है। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, वहीं 16 लोग घायल हुए हैं। हादसे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।