मूक- बधिर रंजुला को शादी पर अप्सरा बना दिया मानसी ने... कोपलवाणी में पले- बढ़े मूक- बधिर जोड़े की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई शादी
2024-04-28 03:56 PM
1521
रायपुर। कोपलवाणी में पढ़े- बढ़े आलोक जायसवाल और रंजुला पटेल की समता कालोनी स्थित गायत्री मंदिर में नीलम सिंह सिन्हा ने वैदिक मंत्रोच्चार और सनातन संस्कृति के अनुसार शादी कराई। शादी की पूरी रस्म मूक- बधिर जोड़े को साइन लैग्वेज से समझाई गई। इससे पहले रंजुला को महाराष्ट्र मंडल की वरिष्ठ आजीवन सभासद मंजू संत ने अपने मेकअप हुनर के जादू से अप्सरा बना दिया।
तात्यापारा स्थित मानसी ब्यूटी पार्लर की संचालिक मंजू संत ने आलोक और रंजुला की शादी में रंजुला का 11 हजार रुपये का ब्राइडल मेकअप बिल्कुल नि:शुल्क किया। उन्होंने ब्राइडल मेकअप में रंजुला को फेशियल, वैक्स, आइब्रो, हेयर कलर, हल्दी मेकअप सहित मेकअप की सभी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं से गुजारा।
गुंडरदेही निवासी रंजुला पटेल मां के निधन के बाद पांच- छह साल की उम्र में कोपलवाणी लाईं गईं। उसे उसके पिता ने यहां लाकर छोड़ दिया था। रंजुला ने कोपलवाणी में रहते हुए पहली से ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की और अब नौकरी कर रही है।
वहीं कसडोल निवासी आलोक जायसवाल को पिता के निधन के बाद मां ने आर्थिक तंगी के चलते छह साल की उम्र में कोपलवाणी में छोड़ दिया था। आलोक ने यही पढ़ाई पूरी की और अब निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वर्तमान में आलोक गुढ़ियारी में किराये के मकान में रहते हैं।
कोपलवाणी की दीदी पद्मा शर्मा ने कहा मंजू संत ने शादी का व्यस्त सीजन होने के बाद भी रंजुला का निःशुल्क ब्राइडल मेकअप किया। उन्हें उनके पूरे डेडिकेशन के साथ समय दिया। इसके लिए उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद। स्वावलंबी समिति की प्रभारी शताब्दी पांडे ने मानसी ताई से कहा कि आपका निःशुल्क और निःस्वार्थ भाव से रंजुला को तैयार करना सराहनीय है। आपके नेक काम के लिए बहुत- बहुत अभिनंदन। कोपलवाणी परिवार के सदस्यों ने नवदाम्पत्य जीवन के लिए आलोक और रंजुला को ढेर सारी शुभकामनाएं दी।