रायपुर

रायपुर की पूर्व CMHO मीरा बघेल की बढ़ेगी मुश्किलें....कोरोना काल में 28 लाख के भुगतान मामले में दोषी करार

रायपुर। कोरोना काल की आपदा में अवसर ढूंढने वाली CMHO की मुश्किलें बढ़ गई है। लाखों के भुगतान मामले में रायपुर की पूर्व CMHO मीरा बघेल को दोषी पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अब इस मामले में कार्रवाई की अनुशंसा भेजी है। हालांकि मीरा बघेल रिटायर हो चुकी है, ऐसे में उनके खिलाफ किस तरह की कार्रवाई होगी, इस पर स्थिति साफ नहीं है।

जानकारी के मुताबिक मीरा बघेल ने डाक्टर फार यू नाम की संस्था को लाखों का भुगतान किया था। 28 लाख के फर्जी भुगतान के मामले में शिकायत की गई थी। CMHO मीरा बघेल को रिटायर हुए लगभग डेढ़ वर्ष हो चुके हैं, बावजूद इसके उनके खिलाफ की गई जांच रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डालकर रख दिया गया था। नई सरकार के आने के लगभग 4 महीने बाद अब जाकर स्वास्थ्य मंत्रालय को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।

इस मामले में संचालनालय स्वास्थ्य सेवा की तरफ तरफ से स्वास्थ्य विभाग को कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। जिसमें कहा गया है कि चूंकि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन चिकित्सा विशेषज्ञ एवं चिकित्सा अधिकारियों के नियुक्तिकर्ता/पदोन्नतिकर्ता अधिकारी शासन है। अतः डॉ. मीरा बघेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायपुर के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथासंशोधित) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 17 (क) के तहत जांच हेतु अनुमोदन प्रदाय किए जाने के संबंध में शासन स्तर से निर्णय लिए जाने हेतु प्रेषित है।