खेल

पहली बार एक फ्रेम में दिखे रोहित-हार्दिक, साफ दिख रही दूरी...कप्तानी विवाद के बाद

नई दिल्ली: भारत में आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग ) किसी त्यौहार से कम नहीं माना जाता है। मार्च से मई तक हर साल पूरा हिंदुस्तान एक साथ मिलकर इस क्रिकेट फेस्टिवल का जमकर आनंद उठाता है। वहीं अब 22 मार्च से इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन शुरू होने वाला है। चेन्नई सुपर किंग्स और आरसीबी के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा। सभी फ्रेंचाइजियों ने आईपीएल 2024 के लिए अभ्यास करना भी शुरू कर दिया है। तकरीबन हर टीम ने अपनी जर्सी भी लॉन्च कर दी है। बता दें कि अब एमआई ने सीजन शुरू होने से पहले एक नया सॉन्ग रिलीज किया है, जिसमें रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या एक साथ नजर आ रहे हैं।

आईपीएल 2024 के शुरू होने से पहले मुंबई इंडियंस ने एक नया सॉन्ग रिलीज किया है। इसकी वीडियो में रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव समेत कई खिलाड़ी हैं। इस सॉन्ग का नाम फ्रेंचाइजी ने 'हर धड़कन, हर दिल ये बोले मुंबई मेरी जान'। इस वीडियो के एंड में सभी एमआई के खिलाड़ी एक साथ दिखते हैं, जिसमें रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या एक साथ एक सोफे पर बैठे होते हैं। यह कप्तानी विवाद के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब दोनों एक फ्रेम में देखे गए हों। हालांकि दोनों सोफे के कोने में बैठे हैं। दोनों प्लेयर के बीच दूरी साफ दिख रही है। फैंस भी इस दूरी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें कि हार्दिक और रोहित पूरी वीडियो में कहीं भी एक साथ नाचते-गाते नहीं दिखे।

बता दें कि हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था। उनके एमआई में आने के बाद खलबली मच गई। मुंबई को 5 बार आईपीएल जितवाने वाले रोहित शर्मा को फ्रेंचाइजी ने कप्तानी से हटा दिया और उनकी जगह हार्दिक पंड्या को टीम का नया कप्तान बनाया। ऐसी खबरें भी सामने आई थी कि हार्दिक पंड्या ने मुंबई में वापसी आने के लिए कप्तानी करने की शर्त भी रखी थी। मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में अपना ओपनिंग मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ 24 मार्च को अहमदाबाद में खेल रही है।