खेल

अबूझमाड़ के अभिषेक इंग्लिश फुटबाल लीग में मचाएंगे धमाल.... गोल दागने जाएंगे इंग्‍लैंड

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ से सीधे इंग्लैंड के गोलपोस्ट पर गोल दागने जा रहे हैं अभिषेक कुंजाम। अभिषेक का चयन ईस्ट बंगाल क्लब की टीम में हुआ है, जो जुलाई महीने में इंग्लैंड में होने वाली लीग फुटबाल में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। बस्तर के नारायणपुर जिले के रामकृष्ण मिशन फुटबाल अकादमी के खिलाड़ी अभिषेक मूलत: कांकेर जिले के रहने वाले हैं।

फुटबाल से प्रेम उन्हें नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के रामकृष्ण मिशन अकादमी ले गया, जहां संस्थान ने उनकी प्रतिभा को तराशा। दो वर्ष के कड़े प्रशिक्षण से गुजरने के बाद वे पिछले वर्ष ईस्ट बंगाल क्लब में चयनित हो गए। ईस्ट बंगाल क्लब इस समय भारत की शीर्ष तीन टीम में से एक है, जिससे बाइचिंग भूटिया, सुनील क्षेत्री जैसे खिलाड़ी खेल चुके हैं।

अभिषेक इस टीम में स्ट्राइकर पोजिशन पर खेलते हुए कोलकाता फुटबाल लीग, रिलायंस डेवलपमेंट लीग खेल चुके हैं। अभिषेक अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता रामेश्वरी को देते हैं। वे कहते हैं कि पिता को छह माह की उम्र में ही खोने के बाद से माता रामेश्वरी ने उनका पालन-पोषण किया है। उन्होंने कभी भी पिता की कमी महसूस होने नहीं दी और खेल को प्रोत्साहित किया है।