छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के आठ नगरीय निकायों के लिए 4.84 करोड़ रुपये स्वीकृत
होली में चलेगी तीन स्पेशल ट्रेन... छत्तीसगढ़ के ट्रेन यात्रियों के लिए अच्छी खबर
रायपुर। होली में अब कुछ ही दिन शेष है। ऐसे में अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आकर नौकरी करने वाले लोग त्यौहार मनाने के लिए अपने राज्य एवं गृहग्राम जाते हैं। त्यौहार के सीजन में ट्रेनों में भीड़ अधिक बढ़ जाती है। जिसके कारण लंबे सफर के यात्रियों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ता है। लोगों की परेशानियों को देखते हुए भारतीय रेलवे ने त्यौहार के मौके पर स्पेशल ट्रेनें चलाती है।
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने होली पर 3 स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। जिसमें सिकंदराबाद से दरभंगा, दुर्ग और छपरा के साथ-साथ दुर्ग और पटना के बीच ट्रेनें चलाई जाएंगी। होली को लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर से बिहार पटना के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। रेलवे के अनुसार 23 कोच की होली स्पेशल ट्रेन 22 मार्च को रायपुर से पटना जाकर 24 मार्च को रांची-गया होकर लौटेगी। इससे पूर्व रांची गोरखपुर समेत टाटानगर होकर छह होली स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, ताकि बिहार-यूपी के यात्रियों को आवागमन में दिक्कत नहीं हो।
होली स्पेशल ट्रेन सिकंदराबाद से ट्रेन 19:00 बजे छूटकर 10:05 बजे रायपुर और 12:00 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। सिकंदराबाद से ट्रेन 19:00 बजे छूटकर 10:05 बजे रायपुर और 12:00 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। दरभंगा पहुंचने का समय 10:00 बजे निर्धारित किया गया है। 22 मार्च को रायपुर से पटना जाकर 24 मार्च को रांची-गया होकर लौटेगी, टाटानगर से बरौनी स्पेशल ट्रेन 29 मार्च से 20 अप्रैल तक तीन फेरे करेगी। टाटा-सासाराम के लिए अप-डाउन में 23 और 24 मार्च समेत 18 मार्च से 6 अप्रैल तक एक ट्रेन नौ फेरा करेगी। टाटानगर-एर्नाकुलम के बीच 19 मार्च से 3 अप्रैल तक तीन फेरा लगाएगी। वहीं, संतरागाछी वास्कोडिगामा स्पेशल ट्रेन 27 मार्च को टाटानगर से जाकर 30 मार्च और हावड़ा-मुंबई स्पेशल ट्रेन 25 मार्च को जाकर 27 मार्च को लौटेगी।
बलौदाबाजार जिले में ट्रैक्टर से कुचल कर कांग्रेस नेता की हत्या
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में एक कांग्रेस नेता की हत्या होने की सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते गांव के युवक ने कांग्रेस नेता की हत्या कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार दया राम जायसवाल पूर्व जनपद सदस्य थे। हालाकि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कसडोल थाना क्षेत्र का मामला है। जानकारी मिलने के बाद ही पूरे क्षेत्र में सनसनी है। पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।
गाँव में मची हड़कंप, तालाब से निकल गांव में घुसा खूंखार जानवर
कोरबा | छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक ऐसी घटना सामने आई, जिससे कुछ समय के लिए लोगों के बीच हड़कंप मच गया | एक गांव में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई, जब गांव में एक मगरमच्छ घुस आया |ग्रामीणों की नजर जब पड़ी, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी और वन विभाग के अफसर तत्काल मौके पर पहुंचे और सुरक्षित मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे पुनः क्षेत्र के डूबान क्षेत्र में छोड़ दिया गया |
अब जगदलपुर से दिल्ली सिर्फ चार घंटे में.... बस्तरवासी कर सकेंगे सुखद यात्रा
रायपुर। उड़ान योजना के तहत मंगलवार को जगदलपु से जबलपुर होते हुए सीधे दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू होने जा रही है। एलांयस एयर की यह विमान सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार व शुक्रवार को चलेगी। यात्री अब चार घंटे में जगदलपुर से दिल्ली तक की दूरी तय कर सकेंगे।
एलांयस एयर प्रबंधन के अनुसार उड़ान योजना के तहत विमान सेवा शुरु की जा रही है इसलिए अनुबंध के तहत अगले तीन वर्ष तक दिल्ली तक का शुरुआती किराया 2,499 व जबलपुर के लिए 1,500 रुपये होगा। इससे कम कीमत में अगले तीन वर्ष तक बस्तरवासी सुखद यात्रा कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार की दोपहर 12 बजे स्थानीय मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर विमान सेवा शुरु करने के लिए आधिकारिक कार्यक्रम रखा गया है। विधायक किरण देव विमान को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए भेजेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी वर्चुअली जुड़ेंगे। यहां बता दें कि दो दिन पहले ही उड्डयन मंत्री ज्योतिरात्य सिंधिया ने अपने एक्स पोस्ट पर विमान सेवा शुरु होने की जानकारी दी थी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज जगदलपुर के लिए भी बड़ी खुश खबरी है, आज जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। इस हवाई सेवा का लाभ बस्तर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। यहां व्यापार और पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग आदि क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर हवाई अड्डे को अपग्रेड करने का काम चल रहा है। जल्द ही यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
इससे पहले दिल्ली जाने के लिए बस्तर से रायपुर तक छह घंटे की बस यात्रा और फिर वहां से दिल्ली के लिए उड़ान भरनी होती थी। इसमें भी उड़ान योजना की जगह नियमित विमान सेवा होने से इसमें किराया भी अधिक लगता था। यहां बता दें कि उड़ान योजना में हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर विमान सेवा की तीन वर्ष की अवधि समाप्त होने के बाद अब नियमित किराया लग रहा था। अब 31 मार्च से हैदराबाद-रायपुर के लिए इंडिगो की ओर से विमान सेवा शुरु होने जा रही है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली ग्रामोदय अभियान के तहत दिल्ली के 41 गाँव में पीएनजी सुविधा एवं 178 गाँवों में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया
नई दिल्ली | केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज ‘दिल्ली ग्रामोदय अभियान’ के तहत 383 करोड़ रुपए की लागत से 41 गांवों में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) सुविधा और 178 गांवों में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय आवास और शहरी विकास एवं पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने पिछले 10 साल में देश में एक नई संस्कृति की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि पहले नेता बहुत सारे वादे करते थे, लेकिन न जनता उनका हिसाब मांगती थी और न नेता हिसाब लेकर जनता के सामने जाते थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा, वो किया और वादों को धरातल पर उतारने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की 13 करोड़ माताओं को गैस सिलिंडर दिए, 1 करोड़ लोगों के घर में पाइप्ड गैस पहुंचाई, 14 करोड़ लोगों के घरों में नल से जल पहुंचाए, 14 करोड़ शौचालय बनाए, 3 करोड़ से अधिक घर बनाए और 60 करोड़ गरीबों को प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलो अनाज मुफ्त दिया। शाह ने कहा कि ये 10 साल गरीबों के कल्याण और गावों के विकास के 10 साल रहे। उन्होंने कहा कि शहर औऱ गांव के जीवन के बीच का अंतर समाप्त करने के लिए मोदी जी ने अनेक कदम उठाए और इसके अच्छे नतीजे मिले। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने लद्दाख से लक्षद्वीप, कामाख्या से द्वारका, किसान से विज्ञान, नई शिक्षा नीति से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और सौर ऊर्जा से पीएनजी तक भारत के नागरिकों का हर स्वप्न पूरा करने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि त्रिपल तलाक समाप्त करना हो या सीएए लाना हो, नरेन्द्र मोदी जी ने हर वादे को पूरा कर नए उत्साह, आशा और उमंग का वातावरण पूरे देश में बनाया है और इसी कारण आज पूरा देश नए विश्वास के साथ 2047 में पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर बनने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आए इस परिवर्तन की कड़ी में जहां पहले एनर्जी पावर्टी थी, उसकी जगह एनर्जी सिक्योरिटी लाने का काम भी मोदी जी ने किया है। उन्होंने कहा कि सीएऩजी बसों, मेट्रो रेल और नई ट्रेन की सेवाओंके माध्यम से नागरिकों का आवागमन भी बहुत सरल बनाने का काम मोदी जी ने किया। इसके साथ ही पीएम-सूर्यघर योजना से गरीब के घर पर सौर ऊर्जा का संयंत्र लगाकर उसे 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिले, ऐसी व्यवस्था भी मोदी जी ने की है। शाह ने कहा कि ऊर्जा की दृष्टि से देश और देश के हर गरीब को आत्मनिर्भर बनाने का काम मोदी जी ने किया है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आज दिल्ली ग्रामोदय अभियान के तहत 178 गांवों में 383 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, तालाबों का निर्माण, वृक्षारोपण, जल निकासी, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सीवेज पंपिंग स्टेशन, पेयजल सुविधा, ड्रेनेज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रावधान, पार्क, खेल के मैदान, सामुदायिक भवन, ग्रामीण पुस्तकालय, सोलर स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और पशुओं के लिए चारागाहों का निर्माण जैसे कामों को एक विज़न के साथ पूरा किया गया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि पिछले 10 में नरेन्द्र मोदी जी ने देश को समृद्ध, शिक्षित और सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा किमोदी जी ने भारत से आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त करने का काम किया है जिसके कारण एक विश्वास बना है और पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया हर समस्या के समाधान के लिए भारत और भारत के प्रधानमंत्री की ओर देखती है।
‘दिल्ली ग्रामोदय अभियान’ का मकसद दिल्ली के शहरीकृत गांवों और नए शहरी इलाकों में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का सृजन और विकास करना है। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) को 960 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। पिछले कई वर्ष से यह धनराशि दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग के पास पड़ी थी और उसका कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा था। दिल्ली के उप-राज्यपाल वी के सक्सेना के निर्देश पर यह धनराशि DDA को ट्रांसफर की गई। मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान सिर्फ तीन महीनों के रिकॉर्ड समय में दिल्ली के विभिन्न गांवों के लिए 383 करोड़ रुपए की परियोजनाएं मंजूर की गई हैं।‘दिल्ली ग्रामोदय अभियान’ के उद्देश्यों में इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिक सुविधाओं में खामियों की पहचान कर उन्हें दूर करना तथा ग्रामीणों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाना, स्थानीय जरूरतों के मुताबिक रणनीतिक रूप से योजनाएं बनाना, निर्णय लेने की प्रक्रिया में सक्रिय सामुदायिक भागीदारी और सामुदायिक संपत्तियों एवं अवसरों तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है।
इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए उपराज्यपाल ने स्थानीय प्रतिनिधियों, ग्रामीणों के प्रतिनिधियों और स्थानीय एजेंसियों के परामर्श से इस कार्यक्रम के तहत कराए जाने वाले कार्यों और योजनाओं की पहचान के लिए संबंधित जिलों के जिला मजिस्ट्रेटों के अधीन दिल्ली ग्राम विकास और कल्याण समिति (DVDWC) का गठन किया है।
अभिषेक मिश्रा हत्याकांड: पुलिस ने जिन्हें बताया मुख्य आरोपी हाईकोर्ट ने उन्हें किया रिहा
रायपुर। भिलाई के चर्चिच अभिषेक मिश्रा हत्याकांड के मामले में पुलिस ने जिन लोगों को मुख्य आरोपी बनाया अव वे दोषमुक्त हो गए है। आठ साल पहले हुए इस हत्याकांड ने भिलाई ही नहीं राजधानी रायपुर को भी हिलाकर रख दिया था। मामले में पुलिस ने अभिषेक मिश्रा की कथित प्रेमिका किम्सी जैन, उसके पति विकास जैन व अजित सिंह को गिरफ्तार किया था। दुर्ग जिला न्यायालय ने 10 मई 2021 को आरोपियों विकास जैन और अजीत सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं किम्सी जैन को दोषमुक्त कर दिया था। जिला न्यायालय दुर्ग के फैसले को दोनों आरोपियों ने हाईकोर्ट में चुनौती थी। हाईकोर्ट ने इस मामले में विकास जैन व अजित सिंह को भी दोष मुक्त कर दिया है।
हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डबल बेंच में हुई। भिलाई में हुए इस हत्याकांड पर हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ परिस्थिति जन्य साक्ष्य प्रमाणित नहीं हैं। आरोपियों की ओर से भी पैरवी करते हुए वकील अनिल तावड़कर और उमा भारती साहू ने कोर्ट में तर्क रखे कि यह पूरा मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्य पर टिका हुआ था। दूसरी ओर अभियोजन पक्ष सुनवाई के दौरान घटना की कडिय़ों को जोड़ नहीं पाया। इसके साथ ही अभिषेक मिश्रा के पिता आइपी मिश्रा ने किम्सी जैन की रिहाई को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। किम्सी के मामले में उच्च न्यायालय ने जिला न्यायालय के फैसले को उचित ठहराते हुए आइपी मिश्रा के आवेदन को खारिज कर दिया है।
मामले में पुलिस विवेचना की लापरवाही सामने आई है। पुलिस और शासन हत्या का उद्देश्य ही साबित नहीं कर सके। इसका लाभ आरोपियों को मिल गया। आरोपियों की एडवोकेट अनिल तावड़कर ने कहा कि इस पूरे मामले में एक भी चश्मदीद गवाह नहीं है। साथ ही प्रार्थी की ओर से सिर्फ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान हत्या का मामला दर्ज किया, लेकिन न तो गवाह हैं और न ही साक्ष्य हैं। जिस दिन हत्या और लाश को दफनाने की बात कही जा रही है, उस दिन धनतेरस थी और बाजार के साथ पूरे क्षेत्र में भीड़ थी। पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कोर्ट में कहा गया कि अभिषेक मिश्रा को किम्सी ने चौहान टाउन स्थित घर पर 9 नवंबर 2015 बुलाया। घर पहुंचने के बाद किम्सी और अभिषेक के बीच विवाद हुआ। पहले से मौजूद विकास और अजीत ने अभिषेक के सिर पर पीछे से रॉड से वार किया, जिससे वह वहीं कमरे में गिर गया। फिर अभिषेक को किम्सी के चाचा अजीत सिंह जो किराये पर स्मृति नगर भिलाई में रहता था। उसको वहां ले जाकर पहले से किए गए 6 फीट गहरे गड्ढे में ले जाकर दफना दिया था।
हाईकोर्ट में कहा गया कि चौहान टाउन स्थित घर और स्मृति नगर भिलाई की दूरी तीन किमी से अधिक है। इसके बाद भी इस पूरे मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी पुलिस की विवेचना में नहीं है। साथ ही पुलिस के द्वारा कहा गया कि लाश के उपर फूल गोभी की सब्जियां उगा दी थी। पुलिस ने लाश के पास हाथ का कड़ा, अंगूठी और लाकेट देखकर अभिषेक की लाश होने की पुष्टि की थी और कहा गया कि 100 किलो से अधिक नमक डालकर ऐसा किया गया, जिससे की बदबू नहीं आए। बचाव पक्ष ने कहा कि 45 दिनों तक लाश पड़ी रही ऐसे में नमक का उपयोग किया गया होता तो वह घुल जाता जबकि नमक सालिड मिला था। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर या दूसरे किसी बाडी पार्ट में राड से वार का उल्लेख नहीं है।
बिलासपुर-दिल्ली व बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ, CM साय ने दिखाई हरी झंडी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर-दिल्ली व बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में अपने निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंस से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अपने निवास कार्यालय रायपुर से हरी झंडी दिखाकर बिलासा देवी केंवट विमानतल, चकरभाठा से बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव बिलासा देवी केंवट विमानतल में इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा कर सकें। बिलासपुर वासियों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी मांग पूरी हो गई। बिलासपुर से कोलकाता और बिलासपुर से नई दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। मेरी ओर से इसके लिए बिलासपुर वासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए खुशी की बात है। इस हवाई सेवा का लाभ पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने नई हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जगदलपुर के लिए भी खुश खबरी है, आज जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। इस हवाई सेवा का लाभ बस्तर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। यहां व्यापार और पर्यटन की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
नक्सलियों ने अपहृत युवक को उतारा मौत के घाट… तीन दिन पहले किया था अपहरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों का आतंक खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। नक्सलियों ने अपहृत युवक की हत्या कर लाश गांव के पास फेंक दी। बताया जा रहा है कि 8 मार्च को युवक को नक्सलियों ने अगवा कर लिया था। तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखने के बाद उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
नक्सलियों ने हत्या की यह वारदात बीजापुर जिला के कुटरू थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने 8 मार्च को कुटरू क्षेत्र में रहने वाले कुशु हेमला को अगवा कर अपने साथ ले गये थे। 8 मार्च से ही युवक के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखने के बाद नक्सलियों ने आज उसकी हत्या कर लाश गांव के पास फेंककर चले गये।
बताया जा रहा कि सुबह के वक्त स्थानीय ग्रामीणों ने युवक की लहूलुहान लाश देखने के बाद घटना की जानकारी गांव में दी। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। उधर इस घटना के संबंध में पुलिस द्वारा कोई पुष्टि नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों द्वारा पुलिस को भी हत्या की सूचना दी गई है।
वाड्रफनगर में नर हाथी की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत... जांच में जुटा वन विभाग का अमला
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र वाड्रफनगर के फोकली महुआ वन क्षेत्र में हाथी की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई। हाथी की मौत की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं वन विभाग की टीम हाथी का पोस्टमार्टम कराकर मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी तक हाथी के मौत के कारणों का पता नहीं लग सका है।
हाथी के शरीर पर किसी प्रकार का कोई चोट का निशान नजर नहीं आ रहा है। इस मामले में उपवनमण्डलाधिकारी अनिल सिंह पैकरा ने कहा है कि नर हाथी की मौत किस कारण से हुई है, इसका पता पीएम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा। फ़िलहाल, ग्रामीणों को हथियों के दल से दूर रहने की सलाह दी जा रही है इस क्षेत्र में लगभग 35 जंगली हथियों का दल विचरण कर रहा है। लंबे समय से इस क्षेत्र में हाथी और इंशानों के बीच जंग भी जारी है जिसमें कभी हाथी इंसानों की जान ले रहे हैं या इंसान हाथियों को षडयंत्रपूर्वक मार रहे हैं। नर हाथी की मौत होने के मामले को भी इसी कड़ी जोड़ कर देखा जा रहा है।
माड़ में नए सुरक्षा कैंप बनने से, ग्रामीणों की सोच में बदलाव
अंबिकापुर में ज्वेलरी शॉप से 10 लाख की चोरी.... चोर सीसीटीवी तोड़कर भाग निकले
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में शुक्रवार को देर रात एक ज्वेलरी शॉप से चोरों ने 10 लाख से ज्यादा के सोने चांदी के गहने चोरी कर लिया। चोरों ने जाते-जाते सीसीटीवी भी तोड़ गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्रतापपुर में नंदलाल सोनी की प्रकाश ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार को वे दुकान को बंद कर अपने घर सोने चले गए। सुबह करीब 8 बजे कुछ लोगों का उनकी दुकान को देखा तो पता चला कि शटर ऊपर की ओर उठा हुआ है। उसके नीचे ईंटें लगी हुई हैं। उन्होंने नंदलाल को जानकारी दी।
नंदलाल ने आकर देखा तो पता चला कि ज्वेलरी शॉप के शटर का एक हिस्सा जमीन से एक हाथ ऊपर की तरफ उठा हुआ है और उसके नीचे ईंटें लगी हुई हैं। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि चोरों ने वहां रखे लगभग 10 लाख के सोने-चांदी के गहने गायब थे। अंदर लगा सीसीटीवी भी टूटा हुआ था, उसमें लगा तार भी कटा हुआ था। चोरों ने ज्वेलरी से भरे बाक्सों को निकालने के लिए दुकान की आलमारी में लगे शीशों को भी तोड़ दिया था।
नंदलाल ने प्रतापपुर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ ही देर में शहरभर के व्यापारियों तक इसकी जानकारी पहुंच गई। वे भी मौके पर पहुंच गए, अब उन्हें भी चिंता सता रही है कि उनकी दुकानें सुरक्षित नहीं है।
6 साल की मासूम को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत, ग्रामीण ने किया चक्काजाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला में सड़क पार कर रही एक 6 साल की मासूम बच्ची को पिकअप चालक ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद नाराज परिजन और स्थानीय ग्रामीण बच्ची की लाश के साथ सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाईश और 25 हजार रूपये मुआवजा के बाद ग्रामीणों को सड़क से हटाया गया।
सड़क दुर्घटना का यह मामला कटघोरा थानांतर्गत ग्राम बिंझरा का है। बिंझरा में अशोक कुमार मिर्रे का परिवार निवास करता है। आज दोपहर उसकी 6 साल की बेटी मोनिका घर के पास ही सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मासूम बच्ची को चपेट में लेकर कुचल दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक ने जटगा पुलिस चौकी पहुंच खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। उधर बच्ची की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण शव के साथ बीच सड़क पर ही चक्काजाम कर बैठ गए। ग्रामीणों के चक्काजाम से कटघोरा से पेंड्रा रोड मुख्य मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा समझाईश देकर पीड़ित परिवार को 25 हजार मुआवजा दिया गया। काफी समझाईश के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद अवरूद्ध मार्ग बहाल हो सका।
पति के देहांत के बाद , सुकांति अपनी बेटियों की अच्छी शिक्षा के लिए राशि का करेगी उपयोग
रायपुर :- महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राही की सूची में है शामिल | राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना लागू किया गया है। महतारी वंदन योजना से प्रदेश की महिलाओं कोे आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी। साथ ही स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के साथ परिवार मे उनकी निर्णायक भूमिका सुदृढ़ होगी। योजनान्तर्गत स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
जगदलपुर जिले के ग्राम आडावाल निवासी सुकान्ति सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना प्रारंभ करने की घोषणा के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों द्वारा योजना के संबंध में मुहल्ले में जानकारी दी जा रही थी। सूचना मिलने के बाद इलाके के सामुदायिक केंद्र में लगे शिविर में महतारी वंदन योजना का आवेदन किया था। महतारी वंदन योजना के तहत चयनित होने से हितग्राही सुकांति सिंह बहुत उत्साहित हैं। दैनिक मजदूरी का कार्य करती हैै और अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। परिवार में दो बेटी एक पुत्र है, पति का देहांत कुछ वर्ष पूर्व हो गया है।
आवेदन की जाँच उपरांत उसका महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राही में नाम आया है। सुकांति ने बताया कि मिलने वाली राशि का उपयोग बेटियों की शिक्षा और परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने के लिए करेगी।
मेले में लगी प्रदर्शनी जनजाति शूरवीरों के इतिहास को जानने
रायपुर : – जब-जब देश की सुरक्षा पर संकट के बादल छाये है , जनजाति समाज ने अपने शौर्य और पराक्रम से राष्ट्र की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारत का जनजाति समाज अपनी आध्यात्मिक परम्पराओं, विशिष्ट संस्कृति और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों के साथ सदैव से भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है।
वनवासी विकास समिति जिला नारायणपुर के तत्वाधान में मावली मेला जिला नारायणपुर में स्वतंत्रता आन्दोलन में जनजातियों का योगदान ऐसा विषय को लेकर पूरे देश भर के जनजाति समाज के जो स्वतंत्रता आन्दोलन के समय देश के अलग- अलग राज्यों के क्रांतिकारी आन्दोलन भाग लेकर शहादत हुए। इतिहास के सामने नहीं आने दिया और दबाया गया ऐसे वीरों को वनवासी कल्याण आश्रम पूरे देश भर के सूखी जनजाति शूरवीरों को इतिहास और समाज के सामने लाना चाहता है और इसी उद्देश्य के साथ आज वनवासी विकास समिति जिला नारायणपुर के द्वारा माता मावली मेला में प्रदर्शनी लगाया गया। जिसका विधिवत शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामबती नेताम,नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी,भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसाय सलाम जिला पंचायत सीईओ आकांक्षी खालको,बृजमोहन देवांगन सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद थे।
सिकलसेल से जूझ रहे आयुष और आयुषि की सहायता के लिए मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हाथ
रायपुर : सिकल सेल की गंभीर बीमारी से जूझ रहे दो मासूम बच्चों को बीमारी से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहल की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की चिरायु शाखा पीड़ित बच्चों के स्वास्थ्य की जांच में जुटी है। जिले के कांसाबेल तहसील के खूंटीटोली की निवासी दुर्गावती चौहान अपने दोनों बच्चे आयुष चौहान 5 वर्ष और आरूषि चौहान 2 वर्ष को लेकर बगिया स्थित सीएम कैम्प पहुंची थी। यहां उन्होनें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बताया कि उनके दोनों बच्चे सिकलसेल से पीड़ित हैं। उन्हें लगातार दवा और रक्त की जरूरत पड़ती है। लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से, इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएम साय ने दुर्गावती की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए,सीएमएचओ डॉ. आर.एस. पैंकरा को पीड़ित बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिए है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिकलसेल मुक्त भारत बनाने के लिए केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंर्तगत जिले में सिकलसेल की जांच की जा रही है। उन्होनें बताया कि सिकलसेल से जूझ रहे मरीजों को प्राथमिक राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र उपलब्ध करा, सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। बच्चों को रक्त की जरूरत होगी तो उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
छत्तीसगढ़ ACB-EOW की पूरी टीम बदली.... DIG-SP समेत 25 नए अफसरों की हुई तैनाती
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार देर शाम ACB और EOW की पूरी टीम बदल दी है। अब IPS गोवर्धन राम और टीआर कोशिमा के साथ राज्य पुलिस सेवा के 8 अफसरों और 15 पुलिस निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पिछली टीम में शामिल DIG प्रखर पांडेय और SP पंकज चंद्रा सहित सभी को पुलिस मुख्यालय ट्रांसफर कर दिया गया है। जल्द ही उनके पोस्टिंग ऑर्डर जारी होंगे। इनमें से कई अफसरों को कांग्रेस सरकार में पोस्टिंग मिली थी।
बताया जा रहा है कि ACB में भेजी गई नई टीम में ज्यादातर अफसर रायपुर IG अमरेश मिश्रा के साथ काम कर चुके हैं। ऐसी चर्चा है कि उन्हें EOW की जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनके साथ IPS शिवराम प्रसाद कल्लूरी का नाम भी चर्चा में है। सामान्य प्रशासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की नई टीम में 25 अफसरों को शामिल किया गया है। इनकी सेवाएं सामान्य प्रशासन विभाग ने गृह विभाग से प्रतिनियुक्ति पर ली है। इन अफसरों में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी शामिल हैं।
IPS अफसरों में गोवर्धन राम और टीआर कोशिमा को लिया गया है। यह टीम एंटी करप्शन ब्यूरो और राज्य आर्थिक अपराध अन्वेशन ब्यूरो के रूप में काम करेगी। इस टीम में राज्य पुलिस सेवा के चंद्रेश ठाकुर, पुप्लेश पात्रे, लोकेश कुमार देवांगन, प्रशांत खांडे, राहुल शर्मा, राजेश चौधरी, यदुमणि सिदार और सुरेश कुमार ध्रुव को लिया गया है। इनके अलावा निरीक्षकों में बृजेश कुशवाहा, संतराम सोनी, वीरेंद्र कुमार चंद्रा, विजय कुमार यादव, उमेंद्र कुमार टंडन, मुकेश यादव, प्रशांत गढ़पाले, भरतलाल बरेठ, अनिल कुमार ठाकुर, तोप सिंह नवरंग, हेमलता नेताम, मुकेश कुमार सोम, संदीप कुमार टंडन, पौरूष कुमार पुर्रे और सौरभ कुमार द्विवेदी शामिल हैं।