छत्तीसगढ़
चार करोड़ के 41 लाख विदेशी सिगरेट भठ्ठी में जलकर खाक.... जानिए किसने और क्यों किया ऐसा
रायपुर। राजधानी रायपुर में सीमा शुल्क आयुक्तालय ने चार करोड़ रुपये के विदेशी सिगार और सिगरेट को प्लांट की धमनभट्ठी में जला दिया। कस्टम विभाग ने प्लांट की भट्ठी में 40.86 लाख सिगरेट, तस्करी कर लाए गए 2,000 विदेशी मूल के सिगार और 557 विदेशी मूल के रोलिंग पेपर के बक्सों को आग के हवाले किया है। यह सभी सिगरेट विदेशी ब्रांड की थीं जिन्हें गैर कानूनी ढंग से आयात करने पर जब्त किया गया था।
सीमा शुल्क आयुक्तालय, इंदौर (भोपाल जोन) ने अधिकृत बयान जारी बताया कि 28 फरवरी को विदेशी मूल की सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को नष्ट किया है। नष्ट की गई सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की कीमत लगभग 3.89 करोड़ रुपये है। इसे भारतीय सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के नियमों का उल्लंघन करके भारत में तस्करी कर लाया गया था। इस सिगरेट में न कोई प्रिंट रेट और न ही सरकार के नियम के हिसाब से पैकेट पर कोई वॉर्निंग है।
सिगरेट सीमा शुल्क नियमों के विरूद्ध भारत पहुंची थी। जब्त सिगरेट, सिगार (पैकेजिंग और लेबलिंग) नियम, 2008 (संशोधित) के तहत निर्धारित नियम और शर्तों के अनुरूप भी नहीं थे। जब्त सिगरेट, सिगार और रोलिंग पेपर मेट्रोलॉजी अधिनियम, 2009 के तहत बनाए गए मेट्रोलॉजी (डिब्बाबंद वस्तुएं) नियम, 2011 के अनुरूप भी नहीं थे। जब्त विदेशी सिगरेट, सिगार और पेरिस, गुडांग गरम, डनहिल आदि ब्रांडों में झूठा प्रचार किया गया है।
वैधानिक Metrology Act, 2009 और “सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के नियमों और शर्तों का भी उल्लंघन पाया गया था। जब्त किए गए विदेशी ब्रांड की सिगरेट के पैकेट पर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी चेतावनी भी नहीं है। COTPA अधिनियम, 2003 के अनुसार, सिगरेट के पैकेटों पर अन्य बातों के साथ-साथ पैकेट के मुख्य प्रदर्शन क्षेत्र के 85% पर अनिवार्य स्वास्थ्य चेतावनी होना जरूरी है।
नहीं रहे पद्मश्री पुरातत्वविद डॉ अरुण कुमार शर्मा…. सीएम साय ने व्यक्त की शोक संवेदना
रायपुर । पुरातत्वविद पद्मश्री डॉ. अरुण कुमार शर्मा ने बुधवार 28 फरवरी की रात 11:30 बजे अंतिम सांस ली। अरुण शर्मा को अयोध्या में राम मंदिर जन्मभूमि स्थल की खोदाई और न्यायालय में सबूत पेश करने के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। सिरपुर की खोदाई में भी शर्मा का योगदान अतुलनीय है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शर्मा के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने डॉ शर्मा के शोकसंतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा है कि डॉ अरुण कुमार शर्मा छत्तीसगढ़ की माटी के सपूत हैं, जिन्होंने न सिर्फ छत्तीसगढ़ में अपितु देश के विभिन्न स्थलों पर पुरातात्विक सर्वेक्षण और उत्खनन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। छत्तीसगढ़ में सिरपुर और राजिम में उन्होंने उत्खनन के कार्य कराए। पुरातत्व के क्षेत्र में डॉ. अरुण शर्मा जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
डॉ अरुण शर्मा का जन्म 1933 में हुआ था। जनवरी 2017 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। वे छत्तीसगढ़ शासन के पुरातात्विक सलाहकार के रूप में लंबे अर्से तक कार्य किए। उन्होने छत्तीसगढ़ के अलावा भारत के अन्य स्थानों पर भी खुदाई करायी है। डॉ. अरुण शर्मा ने सिरपुर तथा राजिम में काफी काम किया है। उन्होंने सिरपुर में मिले प्राचीन मूर्तियों तथा मुखौटों के आधार पर कहा था कि हजारों वर्ष पहले यहाँ एलियंस आते रहे हैं। सिरपुर में मिले कई मूर्तियों में पश्चिमी देशों में मिले मूर्तियों से समानता के आधार पर उन्होंने यह बात की थी।
डॉ. शर्मा ने करियर का आरम्भ भिलाई इस्पात संयंत्र से की थी। उन्हें इस काम में कुछ नयापन नहीं लगा, इसलिए नौकरी छोड़ दी। इसके पश्चात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) नागपुर में तकनीकी सहायक पद पर भर्ती हुए। इसके बाद सीखने का जुनून शुरू हुआ, जो आज 90 वर्ष की उम्र में भी बरकरार रहा। 91 वर्ष की आयु में उन्होंने सुदीर्घ अनुभव के साथ देह त्याग कर परलोक गमन कर गए। अंतिम यात्रा 29 फरवरी 2024 को सुबह 10 बजे निज निवास करण नगर, चंगोराभाठा रायपुर से महादेव घाट मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी।
नक्सल प्रभावित पूवर्ती और टेकलगुडेम के लोगों को सीएम ने दिखाया लोकतंत्र का मंदिर
रायपुर। टाप नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पूवर्ती के लोगों ने जिनकी आवाज अब तक नक्सली बंदूकों के साये में चुप करा दी जाती थी, उन्होंने पहली बार विधानसभा में जनता की आवाज को जनता के प्रतिनिधियों के माध्यम से लोकतंत्र के मंदिर में गूंजते सुना। सुकमा जिले के पूवर्ती के साथ ही टेकलगुडेम के ग्रामीणों ने विधानसभा में देखा कि किस तरह लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष मुद्दों पर सहमति-असमहति के बावजूद चर्चा कर अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचते हैं और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आमंत्रण पर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से देर तक अपने गांव के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल आतंकवाद की वजह से बरसों आपके इलाकों में विकास प्रभावित रहा। बस्तर के विकास के बगैर और आप लोगों तक विकास पहुंचाये बगैर छत्तीसगढ़ का विकास संभव नहीं। हमने इसके लिए नियद नेल्लानार योजना आरंभ की है। न केवल हम आप लोगों को सुरक्षा प्रदान करने वहां नये कैंप लगा रहे हैं अपितु कैंप के 5 किमी के दायरे में इस योजना के अंतर्गत 25 तरह की मूलभूत सुविधाएं 32 तरह की व्यक्तिमूलक योजनाओं के माध्यम से दे रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी इस अवसर पर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आपके क्षेत्र में विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नियद नेल्लनार योजना के माध्यम से आपके गांव में तेजी से विकास करने हम कृतसंकल्पित हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में हम आपके लिए सारी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री साय के साथ ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं अन्य विधायकों की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ समूह तस्वीर भी ली गई।
ग्रामीण इस यात्रा से बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार आज प्रदेश की विधानसभा देखी। बहुत अच्छा और यादगार अनुभव रहा। मुख्यमंत्री जी ने हमें स्वयं विस्तार से विधानसभा के कार्यों के बारे में बताया, हम सब बहुत खुश हैं।
आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण का प्रयास किया जाए: मुख्य न्यायाधीश सिन्हा
लोक निर्माण विभाग की बड़ी कार्रवाई... गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण और अमानक कार्य पर ठेकेदार निलंबित
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति गठन के संबंध में निर्देश जारी.... जिले के प्रभारी मंत्री करेंगे अनुमोदन
रायपुर। राज्य शासन के हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के गठन के निर्देश जारी किए है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर, अटल नगर से प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा से कहा है कि शासन के निर्देशानुसार प्रभारी जिले के मंत्रियों से अध्यक्ष मनोनित कराते हुए उनके द्वारा अनुमोदित नाम के आधार पर शाला एवं विकास समिति के गठन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
पिछली सरकार के स्वीकृत कार्य जो अब तक नहीं हुए प्रारंभ.... उन कार्यों के लिए फिर से लेनी होगी स्वीकृति
रायपुर। प्रदेश के नगरीय निकायों में वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2023-24 तक स्वीकृत अप्रारंभ कार्यों को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में पुनः स्वीकृति के बाद ही प्रारंभ किए जा सकेंगे। नगरीय निकायों में अधोसंरचना मद एवं राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत स्वीकृत अप्रारंभ कार्यों को शुरू करने के लिए विभाग से पुनः मंजूरी लेनी होगी।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय अनुशासन और शासकीय व्यय में मितव्ययिता बरतने वित्त विभाग के निर्देश के अनुपालन में नगरीय निकायों को परिपत्र जारी किया है। विभाग ने नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में प्राथमिकता वाले अप्रारंभ व निरस्त कार्यों को वर्ष 2023-24 के प्रस्ताव में पुनः शामिल कर स्वीकृति के लिए संचालनालय या राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) भेजने को कहा है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगर निगमों के आयुक्त तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को जारी परिपत्र में कहा है कि राज्य शासन द्वारा शासकीय व्यय में मितव्ययिता बरतने के संबंध में समय-सीमा पर निर्देश जारी किए गए हैं। इसी अनुक्रम में वित्तीय अनुशासन की दृष्टि से वित्त विभाग द्वारा पुनः निर्देश जारी किए गए हैं।
परिपत्र में सभी नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया है कि इस परिपत्र के जारी होने के दिनांक से राज्य बजट से वित्त पोषित सभी अप्रारंभ निर्माण कार्यों को वित्त विभाग की पुनः सहमति के उपरांत ही प्रारंभ किया जाए। अधोसंरचना मद एवं राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2023-24 में स्वीकृत ऐसे कार्य जो अप्रारंभ हैं, उन्हें निरस्त किया जाता है।
परिपत्र में कहा गया है कि यदि अप्रारंभ या निरस्त किए गए कार्य संबंधित नगरीय निकाय की प्राथमिकता में हैं, तो ऐसे कार्यों को चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रस्ताव में पुनः शामिल कर विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मदवार पृथक-पृथक नवीन पूर्ण प्रस्ताव संचालनालय या राज्य शहरी विकास अभिकरण को प्रेषित करें।
बीजापुर में नक्सली मुठभेड़.... जवानों ने चार नक्सलियों को मार गिराया.... सर्चिंग जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर से नक्सली मुठभेड़ की खबर आ रही है। जिले के जांगला थाना क्षेत्र के बड़ेतुंगाली और पोटेनार के बीच नक्सलियों और डीआरजी के जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई है। घटना मंगलवार, 27 फरवरी सुबह की बताई जा रही है। मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए वहीं मौके पर जवानों की सर्चिंग जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी की रात डीआरजी की टीम बड़ेतुंगाली और पोटेनार के बीच सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। 27 फरवरी की सुबह जांगला थाना से क़रीब 12 किलोमीटर दूर बड़े तुंगाली और पोटेनार के बीच डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ को लेकर ख़बरें हैं कि सर्चिंग के दौरान चार नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं।
बीजापुर पुलिस के अनुसार नक्सलियों के साथ दो बार मुठभेड़ हुई है, नक्सलियों को मार गिराने को लेकर पुलिस ने कुछ स्पष्ट नहीं किया न ही खंडन किया।
रायपुर में हो सकता है आईपीएल का मुकाबला.... फ्रेंचाइजी ने किया स्टेडियम का दौरा
रायपुर। वर्ष 2024 में होने वाले आईपीएल मैच राजधानी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जा सकते है। आईपीएल टीम के फ्रेंचाइजी ने स्टेडियम का दौरा किया हैं। राजधानी रायपुर के लोगों में एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग के मैच देखने को मिल सकता है।
आईपीएल टीम के फ्रेंचाइजी ने स्टेडियम का दौरा किया हैं। अब उनके रिपोर्ट का इंतज़ार हैं। किसी भी तरह के सफल मुकाबले के आयोजन में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की भी बड़ी भूमिका होगी लिहाजा अगर टीम फ्रेंचाइजी और सरकार के बीच समन्वय सही रहा तो इस साल होने वाले आईपील के मैच रायपुर स्थित दुनिया के चौथे सबसे बड़े शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में देखने को मिल सकता हैं। ऐसा इसलिए भी संभव हैं क्योंकि आईपीएल के लिए अबतक सिर्फ 17 मुकाबलों के लिए वेन्यू तय किये गये हैं। ऐसे में रायपुर वासियों को उम्मीद हैं कि उन्हें लम्बे वक़्त के बाद क्रिकेट का धमाल देखने को मिल सकता हैं।
बता दें कि आईपीएल 2024 अगले महीने 22 मार्च को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू हो रहा है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से मुकाबला करेगी। 17 दिनों में 21 मैच खेले जाएंगे जो 22 मार्च से 7 अप्रैल के बीच होंगे। बाकी का शेड्यूल भारत में होने वाले आम चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा। इस छोटे शेड्यूल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पांच मैच खेलेगी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स सिर्फ दो मैच खेलेगी। दिल्ली कैपिटल्स अपने दोनों घरेलू मैच विशाखापत्तनम में खेलेगी। इस संस्करण में मुंबई इंडियंस का नेतृत्व करने वाले हार्दिक पांड्या 24 मार्च को अपनी पूर्व टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के 11 जनपद पंचायत के CEO बदले गए
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद अधिसूचित क्षेत्रों में पदस्थ जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का तबादला आदेश जारी किया है। सूची में 11 सीईओ के नाम शामिल हैं।
भारत निर्वाचन आयोग ने 23 फरवरी को आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया था कि कोई भी अधिकारी जो अपने संसदीय क्षेत्र में पदस्थ है, उसे हटाया जाए। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्रालय ने अधिसूचित क्षेत्र के जनपद पंचायतों में पदस्थ जनपद पंचायत सीईओ का ट्रांसफर आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार लोकहित भगत को जनपद पंचायत जशपुर से जनपद पंचायत लखनपुर, सरगुजा, वेदप्रकाश पांडेय को जनपद पंचायत लखनपुर से जनपद पंचायत बकावंड, बस्तर प्रेमसिंह मरकाम को जनपद पंचायत लैलूंगा से जनपद पंचायत पाली, कोरबा विनोद कुमार सिंह को जनपद पंचायत बगीचा से जनपद पंचायत सूरजपुर, मोहम्मद हनीश को जनपद पंचायत मानपुर से जनपद पंचायत लैलूंगा, रायगढ़, सत्ते सिंह मंडावी को जनपद पंचायत बकावंड से जनपद पंचायत मोहला, आरके साव को जनपद पंचायत जनपद पंचायत सुकमा से जनपद पंचायत नरहरपुर, कांकेर, घनश्याम जांगड़े को जनपद पंचायत छिंदगढ़ से जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा, कांकेर, गौतम महीर को जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा से जनपद पंचायत बगीचा, जशपुर, अमित भाटिया को जनपद पंचायत जगदलपुर से जनपद पंचायत केशकाल, कोंडागांव और प्रफुल्ल कुमार गुप्ता को जनपद पंचायत नरहरपुर से जनपद पंचायत छिंदगढ़, सुकमा भेजा गया है।
Big Achievement of NTPC... कोल माइनिंग ने किया 100 मिलियन मीट्रिक टन कोयला उत्पादन
रायपुर। भारत की अग्रणी एकीकृत विद्युत कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने कोयला-खनन सहायक कंपनी एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) के माध्यम से एक और उपलब्धि प्राप्त की है। कंपनी ने 100 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) कोयला उत्पादन के आंकड़े को पहली बार पार किया है।
एनटीपीसी लिमिटेड ने यह उपलब्धि 25 फरवरी, 2024 को प्राप्त किया है, जिस दिन एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड ने कुल 100.04 एमएमटी कोयले का उत्पादन किया। यह आंकड़ा 1 जनवरी, 2017 के बाद पहली बार प्राप्त किया गया है, जब इसके पहले कोयले खान पकरी बरवाडीह में कोयला उत्पादन शुरू हुआ। यह उल्लेखनीय है कि विशेष रूप से पहला 50 एमएमटी कोयला उत्पादन के आंकड़े को 19 जून, 2022 को यानी 1,995 दिनों में प्राप्त किया गया था। वहीं, अगले 50 एमएमटी कोयला उत्पादन को इसकी तुलना में एक तिहाई से भी कम समय में यानी केवल 617 दिनों में प्राप्त किया गया।
यह उत्कृष्ट प्रदर्शन एनटीपीसी माइनिंग के अपने कैप्टिव खानों से कोयला उत्पादन को बढ़ाने के संबंध में निरंतर प्रतिबद्धता को दिखाता है। इस तरह यह सहायक कंपनी एनटीपीसी की ईंधन सुरक्षा में योगदान करने के साथ देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयले की कुशल आपूर्ति सुनिश्चित करती है।
वर्तमान में एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड के पास पांच परिचालित कैप्टिव कोयला खानें हैं। ये हैं- झारखंड में पकरी बरवाडीह, चट्टी बरियातू व केरेडारी कोयला खानें, ओडिशा में दुलंगा कोयला खान और छत्तीसगढ़ में तलाईपल्ली कोयला खान।
कोयला उत्पादन में निरंतर बढ़ोतरी प्राप्त करने के लिए एनटीपीसी ने कई रणनीतियों और प्रौद्योगिकियों को लागू किया है। इनमें सख्त सुरक्षा उपायों को अपनाना, बेहतर खान योजना, उपकरण स्वचालन, कार्यबल प्रशिक्षण और निरंतर निगरानी व विश्लेषण प्रणालियों का कार्यान्वयन शामिल है। एनएमएल ने वर्ष 2030 तक हर साल 100 एमएमटी कोयले का उत्पादन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
जन्म से बोलने में असमर्थ दो साल के मासूम रेहान का होगा निःशुल्क इलाज…
रायपुर। मुख्यमंत्री कैंप बगिया के निर्देश पर जशपुर जिला प्रशासन ने 2 साल के मासूम रेहान तिर्की के निःशुल्क इलाज की लिए पहल की है। मुख्यमंत्री के गृह जिला जशपुर के कांसाबेल ब्लाक के ग्राम पंचायत कोगाबहरी के आश्रित ग्राम नरियरडांड़ निवासी रिहान के पिता ईश्वर तिर्की ने अपने बेटे के इलाज में सहायता के लिए मुख्यमंत्री कैम्प में आयोजित जनदर्शन में सहायता मांगी थी। ईश्वर तिर्की ने बताया कि उसके बेटे के मुंह में जन्म से ही समस्या है। इस कारण वह बोल पाने में असमर्थ है। स्थानीय स्तर पर उन्होनें बहुत इलाज कराया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। डाक्टरों ने उसे इलाज के लिए बड़े अस्पताल में दिखाने की सलाह दी थी। उन्होंने रायपुर के एक निजी अस्पताल मे उसका इलाज कराया फिर भी रेहान बोल नहीं पाया।
मुख्यमंत्री कैम्प बगिया से निर्देश मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की चिरायु टीम ने रेहान की जांच की है। टीम ने 2 साल के रेहान को क्लिफ्ट लिप पैलेट नामक बीमारी से पीड़ित के रूप में चिन्हाकिंत किया है। चिरायु टीम के प्रभारी डॉ अरविन्द रात्रे ने बताया कि रेहान का रायपुर में इलाज कराने की तैयारी पूरी कर ली गईं है। उन्होंने बताया कि रेहान का इलाज रायपुर के निजी चिकित्सालय मे निःशुल्क कराया जाएगा। रेहान जल्द ही अपने परिजनों और चिरायु टीम के साथ रायपुर भेजा जाएगा। जहां उसका इलाज किया जाएगा।
भोजन पकाने के दौरान,दुर्घटनावश आग से झुलस कर,दिव्यांगता का शिकार हुई सुकांति चौहान पति नंदकुमार चौहान,रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार के बाद वापस अपने घर आ गई है। आग में सुकांति का दोनों पैर बुरी तरह से झुलस गया था। स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद वह स्वस्थ तो हो गई थी,लेकिन चल फिर नहीं पा रही थी। 3 फरवरी को सुकांति और उसके पति नंदकुमार चौहान ने इलाज में सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुकांति को एंबुलेंस से रायपुर ले जा कर डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।यहां चिकित्सकों ने सुकांति के पैरों का सफल आपरेशन किया है। आपरेशन के बाद 15 दिनों तक सुकांति डाक्टरों की निगरानी में रही। अब वह वापस अपने घर पहुंच कर आराम कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही वह सामान्य लोगों की तरह चल फिर सकेगी। मेडिकल कालेज में उपचार की व्यवस्था के लिए सुकांति और उसके पति नंदकुमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों बगिया मे सीएम कैम्प कार्यालय के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री साय ने फोन पर डीकेएस अस्पताल मे उपचार के दौरान सुकान्ति से बात की थी और उसका हालचाल पूछ कर, जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनायें दी थी।
मुख्यमंत्री की पहल पर बगिया में मुख्यमंत्री कैंप बनने के बाद से सहायता की उम्मीद लेकर जशपुर सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से पहुँचे 105 जरूरतमंदो को सहायता पहुंचाई जा चुकी है। इनमें इलाज के लिये सहायता के साथ सड़क दुर्घटना मे घायलो को एम्बुलेंस उपलब्ध कराना,शव वाहन उपलब्ध कराना जैसे कई मामले शामिल हैँ। सीएम कैम्प बगिया मे प्रतिदिन जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों को तत्काल संबंधित विभागों को भेज कर, कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाता है।
लोकसभा चुनाव में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मंडल किए जाएंगे सम्मानित : पुरन्दर
सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेंड़, तीन नक्सली हुए ढेर
रायपुर। प्रदेश के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले के नक्सली इलाके में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेंड़ हो गई। जिसमें सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। बताया जा रहा है कि मुठभेंड़ में तीन नक्सली ढेर हो गए हैं। फिलहाल जवानों की ओर से सर्चिंग जारी है।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबल के जवानों को अंतागढ़ थानाक्षेत्र के कोयलीबेड़ा इलाके के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद जवान सर्चिंग पर निकले थे। इसी बीच जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेंड़ हुई। जिसमें जवानों की ओर से की गई फायरिंग में तीन नक्सली मारे गए। वहीं सुरक्षा बल के जवानों को किसी तरह की हानि नहीं हुई है। तीनों मारे गये नक्सलियों के शव को जवानों ने बरामद कर लिया है। पूरे घटना की पुष्टि कांकेर पुलिस अधीक्षक कल्याण एलेसेला ने की है।
बतादें कि एक दिन पूर्व नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में भी डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया था।
बड़ी खबर.. रिटायर्ड आईएएस और कुछ कारोबारियों के यहां पहुंची एसीबी और ईओडब्लू की टीम.. जांच जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने एक साथ प्रदेश के 13 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। सभी स्थानों पर जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार जांच टीम ने राजधानी रायपुर सहित बिलासपुर और दुर्ग समेत प्रदेश के अन्य जिलो में शराब घोटाले में दर्ज लोगों के ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों एजेंसी की संयुक्त जांच टीम ने सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच कार्रवाई को अंजाम दिया है। इसके अलावा दस्तावेजों की जांच के लिए यह टीम मुंगेली जिले में भी लगातार कार्रवाई कर रही है।
एसीबी और ईओडब्लू की टीम कुम्हारी स्थित केडिया डिस्टलरी, रायपुर स्थित अनवर ढेबर, रिटायर्ड अधिकारी विवेक ढांड के अलावा बिलासपुर के अनिल टूटेजा के ठिकानों पर दबिश दी है। जानकारी के अनुसार बिलासपुर में संयुक्त टीम ने कोटा स्थित वेलकम डिस्लेरी में अल सुबह छापा मारा।
यह टीम पूछताछ के अलावा दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा मुंगेली जिले के सरगांव स्थित भाटिया डिस्लेरी पर संयुक्त टीम पहुंची है। दोनो ही जगह संयुक्त टीम कड़ी सुरक्षा के बीच कार्रवाई और जांच पड़ताल कर रही है।
संगम नगरी राजिम कुंभ कल्प में दिखा अयोध्या धाम का आकर्षक वैभव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम में राजिम कुंभ कल्प-2024 का गंगा आरती के साथ भव्य शुभारम्भ हुआ। संगम नगरी राजिम कुंभ कल्प में अयोध्या धाम का आकर्षक वैभव दिखा। यह राजिम कुंभ कल्प रामोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि राजिम कुंभ कल्प में संत महात्मा अमृतवाणी, शिव वर्षा करते हैं मैं उनका अभिनंदन और स्वागत करता हूं। पूरे देश में नदियों, पानी को बचाने जुटी साध्वी प्रज्ञा भारती का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि नदियों के त्रिवेणी संगम की तरह ही राजिम में तीन जिलों का भी संगम है।
छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि है, प्रभु श्रीराम का वन गमन मार्ग है यह पूरे देश और विश्व को पता लगे इसी उद्देश्य से राजिम कुंभ कल्प का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माघी पुन्नी मेला हमारे देश के हजारों लाखों साल का इतिहास है परंतु इतिहास को समृद्ध बनाना हमारी जिमेदारी हैं। इसीलिए हमारी सरकार ने संत महात्माओं के सुझाव पर इसके साथ में कल्प शब्द जोड़ा और राजिम कुंभ कल्प के रूप में आयोजन किया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि आगामी 15 दिनों तक संत समागम, सहित विभिन्न आयोजन चलता रहेगा। महाशिव रात्रि के शुभ अवसर पर कुंभ मेला का समापन होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से प्रदेश का सम्मान बढे, देश भक्ति की भावना बड़े क्योंकि देश है तो धर्म है और धर्म है तो देश है। बिना धर्म के देश भी नहीं है और बिना देश के धर्म भी नहीं है। इसके देश को भी हमको बचाना है देश को भी समृद्धिशाली बनाना है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनाः ’खाद्य मंत्री बघेल ने 70 नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
रायपुर। बेमेतरा ज़िले के विकासखंड नवागढ़ के संबलपुर के हायर सेकण्ड्री स्कूल परिसर में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 70 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए अपनी शुभकामनाएं दी और उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान है। इस योजना के माध्यम से फ़िज़ूल खर्च एवं दहेज प्रथा जैसे कुरीतियों को समाप्त करने का एक अच्छा माध्यम है। ऐसे कन्याओं के माता-पिता को आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा।’
खाद्य मंत्री ने कहा कि शादी सामजिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अंग है। वर-वधु का नहीं बल्कि दो परिवारों का एक होना भी है। उन्होंने कहा कि समाज में हम सब की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, चाहे वो सामाजिक, संस्कृति, आर्थिक किसी भी क्षेत्र में हो। हम सब को मिल-जुलकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होता है. राज्य सरकार ने जनता की बेहतरी के लिए कई बेहतर योजनाएं बनाई है जिनमे से एक है मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जिनका फायदा राज्य के हर वर्ग के गरीब व्यक्ति को मिल रहा है। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं महिला बाल विकास विभाग की टीम को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
ज़िला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बीडी पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 70 जोड़े विवाह बंधन में बंधे । इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत नवागढ़ श्रीमती अंजलि मार्कण्डेय, और बड़ी संख्या में वर वधु के परिजन, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित थे।