रायपुर
व्याख्यानः भारतीय ज्ञान परंपरा पर बोले प्रो. एडीएन वाजपेयी.... 'वेदों से सुभाषित तक में भारतीय ज्ञान परंपरा
रायपुर। अर्थशास्त्र अध्ययन शाला एवं पब्लिक आउटरीच सेंटर के संयुक्त तत्त्वावधान में भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में ख्यातिलब्ध अर्थशास्त्री एवं अटलबिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.ए.डी.एन. वाजपेयी का आगमन हुआ । कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल, कुलपति पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय,ने की| कार्यक्रम संयोजन प्रो. रविन्द्र के. ब्रहमें अध्यक्ष, अर्थशास्त्र अध्ययनशाला,एवं प्रो.कल्लोल के घोष, निदेशक पब्लिक आउटरीच सेंटर ने किया| अधिष्ठाता, छात्र कल्याण, प्रो. राजीव चौधरी एवं अन्य विभाग अध्यक्षों की उपस्थिति में यह आयोजित हुआ ।
कार्यक्रम के आरंभ में सरस्वती-वंदना, कुलगीत एवं अतिथियों को पुष्प-गमला भेंटकर स्वागत किया गया । स्वागत उद्बोधन में प्रो. रवींद्र ब्रहमें ने भारतीय ज्ञान प्रणाली की आवश्यकता तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्य एवं आवश्यकता पर बात करते हुए बताया कि प्रो. वाजपेयी नवें दशक से वैदिक सनातन अर्थशास्त्र पर शोध कर रहे हैं। आज की क्रिटिकल थिकिंग ही शास्त्रार्थ है, जिस पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति जोर देती है ।
प्रो. वाजपेयी ने भारतीय ज्ञान परंपरा को केंद्रित कर सहज प्रश्न किया कि - “अर्थशास्त्र के जनक एडम स्मिथ माने जाते हैं, जबकि हमारे यहाँ ‘कौटिल्य’ ने तीन सौ ईसा पूर्व ही कश्मीर में अर्थशास्त्र पर प्रामाणिक जानकारी दी । पाश्चात्य देशों अमेरिका, इंगलैण्ड के पास अपनी सुदीर्घ ज्ञान प्रणाली नहीं है वे लेटिन या ग्रीक पर निर्भर हैं जबकि भारत के पास समर्थ और सशक्त ज्ञान परंपरा है। हमने किसी देश को उपनिवेश नहीं बनाया, हमने समरसता को बढ़ावा दिया है। हमारी संस्कृति का मूल ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ है।” प्रो. वाजपेयी ने शोधार्थियों , छात्रों को जूनियर फेकेल्टी मेंबर कह कर संबोधित करते हुए कहा कि– “आपका समाज की समस्याओं से प्रत्यक्ष संबंध है । कृषि, व्यापार, उद्योग, अर्थव्यवस्था में क्या चल रहा है? और क्या नवीन किया जा सकता है? उसे समझना होगा।”
भारतीय ज्ञान परंपरा को सुगमता से उद्घाटित करते हुए उन्होंने अकादमिक ज्ञान, हमारी परंपराएँ एवं हमारा कर्तव्य कह कर चर्चा आरंभ की। अकादमिक ज्ञान से चर्चा का आरंभ कर उन्होंने भारत में शिक्षा की चौदह शाखाओं - जिनमें पुराण, न्याय, मीमांसा, धर्मशास्त्र, छह वेदांग - शिक्षा, व्याकरण, निरुक्त, छंद, ज्योतिष, कल्प और चार वेद ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अर्थववेद उनमें निहित विषय एवं विवरण को बताया ।
पुनः उन्होंने भारतीय गुरुकुल प्रणाली के नालंदा, तक्षशिक्षा, विक्रमशिला आदि के गौरव को बताते हुए कहा - तर्कशास्त्र, पुरुषार्थ, रामायण और महाभारत की ‘ज्ञान के भंडार के रूप’ में जाने जाते हैं | यह ज्ञान भण्डार हम सब भारतीयों में पहले से व्याप्त है इसलिए हम सब इस तत्वचर्चा में सहज ही सहभागी बन जाते हैं| अर्थात ज्ञान हमारे डी.एन.ए. में गुरु शिष्य परंपरा में स्थानांतरित होते चला जाता है । भारतीय ज्ञान प्रणाली समाज और नागरिक हित, कल्याण की अवधारणा पर केंद्रित है| सभी भारतीय भाषाओं का संस्कृत से निकट का संबंध है तथा संस्कृत रचनाओं का छंद और संगीत पर व्यापक प्रभाव है। उन्होंने आगे कहा कि आयुर्वेद, योग, लोक और जनजातीय चिकित्सा पद्धति का भारत में समृद्ध इतिहास है। योग हमें भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ता है । आधुनिक दुनिया भी योग को अपना कर स्वास्थ्य लाभ ले रही है। योग विज्ञान को और गहराई से अध्ययन करना आज की आवश्यकता है।
प्रो. वाजपेयी ने भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, धातु विज्ञान, ज्योतिष एवं गणित की चर्चा की तथा अम्ल,क्षार, पॉलीमर आदि की अवधारणाओं को प्रस्तुत किया| उन्होंने जोर देकर कहा कि - “भारत का अपना पारंपरिक खानपान, भेषज विज्ञान, रहन-सहन, जलवायु, और कृषि संस्कृति है| भारतीय स्थापत्य और कलाएं विशिष्ट ,हैं जिनमें पारंपरिक लोक गाथाएं गायी जाती हैं| उन्होंने पंडवानी, रहस, रामलीला तथा भरथरी गायन एवं प्रमुख गायकों की चर्चा की जो हमें हमारी विरासत, संस्कृति, संस्कार से जोड़कर समृद्ध करते हैं| रामायण,महाभारत एवं पौराणिक पात्र आज सार्वभौमिक हैं उनका तात्विक और सात्विक स्वरूप हमारे संस्कारों, नामकरणआदि में सहज ही दिख जाता है|
कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने छात्रों से कहा कि- “हमें भारतीयता, भारतीय परंपरा एवं भारतीय भाषाओं पर गर्व करते हुए इनका संपोषण करना चाहिए| आज ज्ञान को किसी एक भाषा में नहीं बांधा जा सकता, आज आवश्यकता है कि विद्यार्थी, भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़कर समाजोपयोगी शोध की दिशा में नूतन कार्य करें। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के बड़ी संख्या में शिक्षकगण, शोधार्थीगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
बोर्ड परीक्षाओं में लक्ष्मीनारायण स्कूल के बच्चों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बीते दिनों 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया। परीक्षा में लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक साला गुरुकुल परिसर काली बाड़ी की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
स्कूल की प्राचार्या मनीषा गहाई ने बताया कि 10वीं में गार्गी और 12वीम में कागज और लक्ष्मी ने शाला का गौरव बढ़ाया है। 10वीं बोर्ड में स्कूल का परिणाम 82.61 फीसद और 12वीं बोर्ड में 84.05 फीसद रहा। कक्षा 10वीं में गार्गी सुना ने 93.66 फीसद अंक लेकर शाला में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 12वीं के वाणिज्य संकाय से काजल तिवारी और लक्ष्मी देशलहरे 84.6 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर रही। स्कूल के अन्य बच्चों का प्रदर्शन भी काफी अच्छा रहा।
राइस मिलर्स घोटाले में ED ने की बड़ी कार्रवाई, एसोसिएशन अध्यक्ष रोशन चंद्राकर गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स घोटाले में ईडी ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन चंद्राकर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले इंकम टैक्स विभाग ने कार्रवाई की थी।
बता दें कि इस मामले में ईडी जांच के दायरे को बढ़ा रही है। जांच के बाद कई लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती है। इससे पहले भी मार्कफीड के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज सोनी को पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। इससे एक बात तो तह है कि इस मामले में ईडी की एंट्री से कई और लोगों की मुसीबत बढ़ सकती है।
स्वयं के विकास के साथ समाज में भागीदारी ही वास्तविक सफलता: सोनमणि बोरा
रायपुर। आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में जेईई, आईआईटी सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से रूबरू हुए। बोरा ने कहा कि हमारे यहां इतिहास है कि एकलव्य बिना गुरू के भी लक्ष्य को प्राप्त कर लेता है। हमें यहां शिक्षा को प्राथमिकता में रखकर लक्ष्य तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि तरक्की तो कोई भी कर लेता है, लेकिन स्वयं का विकास करना ही सफलता नहीं होता है।
प्रमुख सचिव बोरा ने प्रयास आवासीय विद्यालय का निरीक्षण के दौरान अधिकारियो से कहा कि शासन प्रशासन की मंशा अनुरूप आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा तथा कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए फाइव स्टार होटलों की तरह सुविधाएं उपलब्ध हो। अतः होटलों की तरह इन वर्ग के बच्चों के लिए सुविधाएं विकसित कु जाय। उन्होंने प्रयास विद्यालय हॉस्टल के किचन का निरीक्षण कर बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय की तर्ज पर प्रयास वि़द्यालय को भी विकसित किया जाए।
बोरा ने प्रयास विद्यालय स्थित भौतिक और रसायन विज्ञान प्रयोगशाला सहित लाईब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को थ्योरी के साथ-साथ प्रेक्टिकल भी कराने के निर्देश दिए। श्री बोरा ने लाईब्रेरी में आवश्यक सभी किताबे, कम्प्यूटर आदि की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने डायनिंग हॉल का निरीक्षण करते हुए डायनिंग हॉल को होटलों की तरह साफ-सफाई के साथ ही सुसज्जित करने को कहा। उन्होंने आवासीय विद्यालय परिसर को सी.सी.टीव्ही. कैमरा से लैस करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में नवमीं व दसवीं के छात्रों के लिए 400 सीट और ग्यारवीं-बारहवीं के बच्चों के लिए 400 सीट उपलब्ध है। प्रयास विद्यालय में कमजोर वर्ग के बच्चे पढ़ाई करते है।
रेलवे स्टेशन में नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर नहीं लगेगा लॉक, RPF और GRP के साथ रेलवे के कमर्शियल कर्मचारियों की तैनाती
रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन में अब यात्रियों पर पार्किंग ठेकेदार की मनमानी नहीं चलेगी। नो-पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों पर ठेकेदार के कर्मचारी लाक भी नहीं लगा पाएंगे, हालांकि जुर्माना यथावत रहेगा। स्टेशन परिसर में आए दिन हो रहे विवाद को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया।
कलेक्टर डा.गौरव कुमार सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, रायपुर रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट संजय गुप्ता, एसआरपी रेल जेआर ठाकुर, सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी, डीसीएम राकेश सिंह समेत रेलवे के अधिकारियों की मौजूदगी में रायपुर रेलवे स्टेशन में हुई बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों ने फैसला लिया कि रायपुर रेलवे स्टेशन में पार्किंग ठेकेदार की मनमानी पर अंकुश लगाने एक नया बूथ बनाया जाएगा।
जहां से नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों की निगरानी के लिए आरपीएफ और जीआरपी के साथ रेलवे के कमर्शियल कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। स्टेशन परिसर में नो-पार्किंग के नियम और निर्धारित शुल्क वसूले जाने की पूरी जानकारी वहां पर फ्लैक्स में प्रदर्शित होगी। इसके लिए बड़े फ्लैक्स होर्डिंग लगाया जाएगा।
बैठक में पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारियों को सभी लाक जीआरपी में तत्काल जमा करने के निर्देश दिए गए। रायपुर स्टेशन में पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों की हुई बैठक के बाद सभी अधिकारी रेलवे स्टेशन में पार्किंग स्थल का जायजा लेने के लिए निकले। कलेक्टर और एसएसपी ने कहा कि स्टेशन परिसर में नियमों का पालन सभी को करना होगा।
सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि स्टेशन परिसर में पार्किंग ठेकेदर के कर्मचारियों द्वारा लगातार यात्रियों के साथ गुंडागर्दी और अवैध वसूली के साथ बदसलूकी की शिकायत को लेकर रेलवे प्रशासन गंभीर है। मंगलवार को ही पार्किंग क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों को वर्दी, बैच के साथ तैनात रहने पत्र जारी किया गया है ताकि पता चल सके कि पार्किंग में अधिकृत व्यक्ति तैनात हैं। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। स्टेशन परिसर के नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों को ठेकेदार के कर्मी न लाक करेंगे न ही चैन लगाएंगे, क्योंकि यह उनका अधिकार नहीं है। पार्किंग ठेकेदार को चेताया गया है।
वित्त विभाग का सख्त निर्देश, बंद कर दी गई योजनाओं की राशि, शासन के खातों में तुरंत कराएं जमा
रायपुर। राज्य सरकार अब राशियों के खर्च को लेकर सचेत हो गई है। मितव्यता को लेकर समय समय पर निर्देश जारी करने के बाद वित्त विभाग ने योजनाओं की राशि को लेकर जानकारी मांगी है।
वित्त विभाग ने कांग्रेस सरकार की बंद योजनाओ की जानकारी मांगी है। वित्त की तरफ से जारी पत्र के मुताबिक सभी विभागों से बंद योजनाओं के पैसे शासन के खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए है। इसे लेकर वित्त विभाग ने सभी विभागों को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा है कि राशि जमा कर विभागाध्यक्ष को जानकारी दी जाए।
दरअसल सरकार को ये जानकारी मिली थी कि,बंद योजनाओं के राशि का उपयोग अभी भी राज्य और मैदानी कार्यालयों द्वारा किया जा रहा है। इसे लेकर ही सरकार ने ये कदम उठाया है।
राशन कार्ड के बाद अब एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी किया जा रहा
रायपुर | राशन कार्ड के बाद अब केंद्रीय स्तर पर एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराया जा रहा है | केंद्र सरकार ने इसके लिए अंतिम तारीख भी निर्धारित कर दी है | अगर आपने ई-केवाईसी नहीं कराया तो कनेक्शन पूरी तरह से ब्लॉक भी हो सकता है | आप ई-केवाईसी जल्द कराएं, नहीं तो जून से सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो सकती है |
एलपीजी गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कराया है, तो 31 मई 2024 से पहले करा ले, क्योंकि राशन कार्ड के बाद अब एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी किया जा रहा है | अगर आपने 31 मई 2024 तक ई-केवाईसी नहीं कराया तो आपका एलपीजी गैस कनेक्शन ब्लॉक हो सकता है |
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् द्वारा दसवीं और बारहवीं परीक्षा परिणाम घोषित
कक्षा पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं) में 98.48 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
कक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) 98.43 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
रायपुर, 15 मई 2024 | छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर की सचिव अलका दानी द्वारा आज छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर आयोजित वर्ष 2024 का मुख्य परीक्षा परिणाम विद्यामण्डलम् कार्यालय में घोषित कर दिया गया है। परीक्षा परिणाम 96.35 प्रतिशत रहा। जिसमें कुल 3 हजार 504 परीक्षार्थी (कक्षा 9वीं से 12वीं तक) शामिल हैं, जिसमें बालक 2 हजार 90 एवं बालिकाएं 1 हजार 414 हैं। वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ में कुल 41 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे जिसमें (9वीं से 12वीं) में 3 हजार 196 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए जिसमें बालक 1 हजार 891 और बालिकाएं 1 हजार 305 उत्तीर्ण हुए।
कक्षा पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं) का परीक्षा परिणाम 98.48 प्रतिशत रहा जिसमें कक्षा (10वीं) में दर्ज संख्या 801 (बालक 503, बालिकाएं 298) था जिसमें परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थीयों की संख्या 777 (बालक 486, बालिकाएं 291) परीक्षा में उर्तीण रहे। 470 बालक-बालिकाएं प्रथम स्थान मिला एवं 284 बालक-बालिकाएं द्वितीय स्थान पर रहे तथा 23 बालक-बालिकाएं तृतीय स्थान पर रहे तथा 7 परीक्षार्थी पूरक आएं एवं 5 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे। प्रावीण्य सूची में गोस्वामी रामरतन संस्कृत उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय जर्वे जांजगीर-चांपा की छात्रा चंद्रभागा कश्यप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) का परीक्षा परिणाम 98.43 प्रतिशत रहा जिसमें कक्षा (12वीं) में दर्ज संख्या 589 (बालक 333, बालिकाएं 256) था जिसमें परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थीयों की संख्या 565 (बालक 317, बालिकाएं 248) परीक्षा में उर्तीण रहे। 462 बालक-बालिकाएं प्रथम स्थान मिला एवं 96 वालक-बालिकाएं द्वितीय स्थान पर रहे तथा 7 बालक-बालिकाएं तृतीय स्थान पर रहे तथा 9 परीक्षार्थी पूरक आएं। प्रावीण्य सूची में रामेश्वर गहिरा गुरू संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीकोट जिला बलरामपुर की छात्रा यामिनी भगत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर के सचिव अलका दानी ने कहा कि मण्डल की मुख्य परीक्षा 2024 की परीणाम घोषित करने में मण्डल के अधिकारी-कर्मचारी अमूल्य सहयोग रहा है। इसके लिए मण्डल के सभी अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र है। समस्त सफल परीक्षार्थियों को बधाई तथा शुभकामनाएं देती हूं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं। जो परीक्षार्थी असफल हो गए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि असफलता ही सफलता की सीढ़ी है इसे ध्यान में रखते हुए पुनः कड़ी मेहनत कर परीक्षा में सम्मिलित होने पर सफलता अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर श्री दूधाधारी वैष्णव संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तोयनिधि वैष्णव, आर्षज्योति गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य मुकेश अहीर, रामबन्द्र संस्कृत विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजेश तिवारी के साथ अन्य विद्यालयों के प्राचार्यगण और छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम् रायपुर के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थेे।
वन विभाग की कार्यवाही, अर्जुन लकड़ी से भरे दो वाहन पकड़ाये
रायपुर | औषधि वृक्ष कहे जाने वाले कहुआ (अर्जुन) लकड़ी की अवैध परिवहन में लगे दो टैक्टरों को वन विभाग की विशेष उड़नदस्ता टीम ने 13 मई की रात्रि पकड़कर पीओआर की कार्रवाई की। इसके कुछ दिन पहले ही तीन ट्रैक्टर और जप्त किये गए थे। बहुत दिनों से कुरूद क्षेत्र में कहुआ पेड़ों की अवैध कटाई कर परिवहन किया जा रहा था। जिसे संज्ञान मे लेकर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम लकड़ी तस्करों पर कार्रवाई भी करती रही। वन विभाग की टीम को मुखबीर से सूचना मिली कि दो ट्रैक्टर लकड़ी की निकासी होने वाली है।
मुख्य वन संरक्षण अधिकारी के सख्त निर्देश के बाद वन मण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता की टीम ने 13 मई की रात दो अलग-अलग स्थानों में छापा मारकर कार्रवाई की। ग्राम बिरेझर एनएच-30 मार्ग में ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 04 डीएम 9021 ट्राली सहित लकड़ी भरी थी |
इस वाहन के मालिक व चालक वामन देव साहू ग्राम परसट्ठी थे। ट्रैक्टर के खिलाफ पीओआर किया गया। इस कार्रवाई में सीएफओ उमेश सिंह, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी महेन्द्र रघवंशी, सीएफओ अर्जुन निर्मलकर, बंटी यादव एवं वाहन चालक रूपेन्द्र पांडे का विशेष योगदान रहा।
पानी के लिए हलाकान रायपुर, आज शाम जोन-4 व जोन-6 की 50 हजार आबादी को नहीं मिलेगा पानी
राजधानी रायपुर में अभी भी गर्मियों में पानी सप्लाई की सुनियोजित व्यवस्था नहीं
रायपुर | बुधवार की शाम रायपुर शहर की लगभग 50 हजार आबादी को पीने का पानी नहीं मिल पाएगा। दरअसल नगर निगम फिल्टर प्लांट के अंतर्गत 47.5 एमएलडी रॉ वाटर (कच्चे या अशुद्ध पानी) पाइप से नये 80 एमएलडी रॉ वाटर लाइन में 15 मई को इंटरकनेक्शन किया जाएगा। इस काम के कारण सुबह पानी सप्लाई के बाद पांच टंकियों में शाम के समय सप्लाई के लिए पानी नहीं भर पाएगा। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन पांचों टंकियों के कमांड क्षेत्र में नौ वार्ड आते हैं। ये सभी टंकियां जोन-4 और जोन-6 कमिश्नरी एरिया अंतर्गत आ रहे हैं।
प्लांट के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि इस इंटरकनेक्शन काम के लिए 10 घंटे शटडाउन रहेगा। इसी के चलते उक्त दोनों प्लांट से भरने वाली टंकियों में बैरनबाजार व बैरनबाजार नई टंकी, देवेंद्रनगर व देवेंद्रनगर नई टंकी, संजयनगर टिकरापारा तथा महापौर बंगले में स्थित टैंक नंबर 4 में सुबह सप्लाई के बाद पानी नहीं भरा जाएगा। यह व्यवस्था 16 मई को सुबह से नियमित कर दी जाएगी।
जलकार्य विभाग के अधिकारियों नेबताया कि 15 मई को होने वाले शटडाउन के दौरान नागरिकों की आवश्यकता पर टैंकर से पानी देने की तैयारी कर ली है। जिस जोन की बस्ती से मांग आएगी, वहां टैंकर भेजा जाएगा।
छत्तीसगढ़ में फिर पारा दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना, मौसम विभाग ने व्यक्त की है
रायपुर। सूर्य की तपिश का प्रकोप एक बार फिर से शुरू हो रहा है | मौसम विभाग के अनुसार अब वर्षा की गतिविधियां अपने अंतिम चरम पर हैं और इसकी वजह से अब सूर्य की तपिश दोबारा से शुरू हो रही है | उत्तर व मध्य छत्तीसगढ़ में पारा दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के एक दो हिस्सों में बहुत हल्की वर्षा होने के साथ ही एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा होने, अंधड़ चलने के साथ वर्षा के भी आसार बन रहे हैं।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती पश्चिम विदर्भ के उपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बुधवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होने की संभावना भी बन रही है। सूर्य की तपिश का प्रकोप एक बार फिर से शुरू का अनुमान लगाया गया है |
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान प्रदेश में लगभग सभी जगहों पर सामान्य औसत से ज्यादा है। आंकड़ों के अनुसार यह बिलासपुर में 1.9 डिग्री, माना व अंबिकापुर में 1.7, जगदलपुर में 1.5, दुर्ग में 1.5 और पेंड्रा रोड में सामान्य औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस तक कम है।
इसके अलावा न्यूनतम तापमान में भी लगभग सभी जगहों पर बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दुर्ग में यह 3.6 डिग्री कम, माना में 2.1 डिग्री, अंबिकापुर में 1.6 डिग्री, जगदलपुर में 0.9 डिग्री, बिलासपुर में 0.4 डिग्री और पेंड्रा रोड में सामान्य औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
विस्फोट में बाल.बाल बचे पुलिस अफसर, फरसेगढ़ टीआई और सिपाही की जीप को बम से उड़ाने की कोशिश
रायपुर | छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों ने एंबूश लगा कर पुलिस वाहन को बारूदी विस्फोट से उड़ाने का प्रयास किया। टीआई के शासकीय वाहन में नक्सलियों ने विस्फोट किया। एसपी जितेंद्र यादव ने इस घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह अपने वाहन से बीजापुर जिला मुख्यालय के लिए हुए रवाना थे। सोमनपल्ली और रानीबोदली के बीच गन्नम नाला के पास नक्सलियों ने विस्फोट किया। वाहन में थानेदार के साथ एक आरक्षक भी सवार था। थानेदार और आरक्षक दोनों ही सुरक्षित हैं। वाहन के सामने का हिस्सा विस्फोट में आया। आईईडी ब्लास्ट से दोनों सुरक्षित है। वाहन को क्षति पहुंची है।
फरसेगढ़ टीआई के शासकीय वाहन में नक्सलियों ने IED विस्फोट कर दिया। जिसमें टीआई और आरक्षक बाल-बाल बच गए।
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् मुख्य परीक्षा परिणाम की घोषणा 15 मई को
रायपुर |14 मई 2024/ छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा वर्ष 2024 की कक्षा पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (9वीं) से उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) के परीक्षा परिणामों की घोषणा 15 मई बुधवार को दोपहर 12.30 बजे की जाएगी।
सचिव छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् रायपुर द्वारा परीक्षा परिणाम की घोषणा विद्यामंडलम् पेंशनबाड़ा माध्यमिक शिक्षा मंडल कैम्पस रायपुर में की जाएगी। छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 में कुल 41 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जिसमें 3505 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
मुंबई की घटना से सबक, रायपुर नगर निगम के आयुक्त ने ली विज्ञापन एजेंसियों और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक
रायपुर | रायपुर नगर निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने शहर में सुरक्षित ढंग से होर्डिंग्स लगाए जाने को लेकर विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों और नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी विज्ञापन एजेंसियों को अपने द्वारा लगाई गई होर्डिंग्स के स्ट्रक्चर की जांचकर नगर निगम को इनकी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि मुंबई जैसा हादसा रायपुर में न हो, यह विज्ञापन एजेंसियां सुनिश्चित करें। मुंबई में आंधी में एक प्रचार होर्डिंग के गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 74 लोग इसमें घायल हुए हैं। नगर निगम आयुक्त ने रायपुर में इस तरह की घटना को रोकने सभी विज्ञापन एजेंसियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त मिश्रा ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद 90 से अधिक विज्ञापन एजेंसियों के संचालकों एवं प्रतिनिधियों को अपने द्वारा लगाई गई होर्डिंग्स की स्ट्रक्चरल जांच कराकर एक सप्ताह के भीतर ही सभी होर्डिंग्स की स्ट्रक्चरल जांच से संबंधित प्रमाण पत्र नगर निगम के नगर निवेश विभाग को सौंपने को कहा। उन्होंने होर्डिंग्स से किसी भी प्रकार का कोई अप्रिय हादसा रायपुर शहर में न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने होर्डिंग्स गिरने या किसी भी तरह की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा।रायपुर नगर निगम क्षेत्र में विज्ञापन नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बैठक में चर्चा हुई। इस संबंध में एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर निवेशक निशिकांत वर्मा, सहायक अभियंता आशुतोष सिंह और उप अभियंता विकास साहू भी बैठक में मौजूद थे।
आरोपी पटवारी गिरफ्तार बीर्रा पुलिस की कार्रवाई, फर्जी ऋण पुस्तिका मामला
रायपुर | जांजगीर चांपा में 2.5 एकड़ जमीन को फर्जी तरीके से 12 एकड़ के पेपर तैयार कर बैंक से 22 लाख रुपए लोन निकलवाने के आरोप में पटवारी को गिरफ्तार किया | उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है | मामले में अन्य आरोपी की पहले गिरफ्तारी ही हो चुकी है |
मामला बिर्रा के अंतर्गत देवरानी गांव का है, निवासी नम्मू लाल पटेल के रिपोर्ट दर्ज के अनुसार 2.5 एकड़ जमीन को परमानंद कर्ष नामक व्यक्ति ने अनपे अन्य साथियों और पटवारी के द्वारा फर्जी तरीके से नेट आईडी में 2.5 एकड़ जमीन को 12 एकड़ जमीन बनाकर B1 एवं अन्य दस्तावेज को फर्जी तरीके से पेपर बनाकर, HDFC बैंक राजिम से 22 लाख रुपए का लोन लिया था |
पुलिस ने नम्मू लाल पटेल के रिपोर्ट के आधार पर आरोपीयों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120 B और 34 के तहत जुर्म दर्ज किया | जांच में जुटी पुलिस ने मुख्य आरोपी पटवारी दयाराम साहू की तलाश की | पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार करने वाले आरोपी पटवारी दयाराम साहू को गिरफ्तार किया है और उसे न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया | इस मामले में पूर्व के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है |
कैशलेस स्वास्थ्य योजना की जानकारी लेने पहुंची मध्यप्रदेश विद्युत कंपनी व पंजाब की टीम
तीन नए आपराधिक कानून पर वार्तालाप.... आईजी शुक्ला बोले- दण्ड संहिता से न्याय संहिता की ओर तीन नए आपराधिक कानून
रायपुर। देशभर में 01 जुलाई, 2024 से प्रभावी होने वाले तीन नए आपराधिक कानून, दंड संहिता से न्याय संहिता की ओर अग्रसर करने वाला है । यह बात गृह मंत्रालय, भारत सरकार एवं पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में तीन नए आपराधिक कानूनों पर रायपुर में आयोजित मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ में पुलिस महानिरीक्षक (बिलासपुर रेंज) संजीव शुक्ला ने कही । इस वार्तालाप में स्थानीय प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और ऑनलाइन मीडिया के लीगल और क्राइम बीट कवर करने वाले संवादाता शामिल हुए ।
वार्तालाप को संबोधित करते हुए शुक्ला ने कहा कि देश लगभग पौने दो सौ साल के औपनिवेशिक कानून से निकलकर भारतीयता से ओतप्रोत भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के माध्यम से एक नए युग की शुरुआत कर रहा है ।
तीनों नए कानूनों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शुक्ला ने कहा कि नया कानून ज्यादा जनता को ध्यान रखकर बनाया गया है । उन्होंने बताया कि तीन नए प्रमुख कानूनों का मकसद सजा देने की बजाय न्याय देना है । शुक्ला ने कहा कि आज साइबर अपराधों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है । पुराने कानूनों में साइबर अपराधों के लिए कोई प्रावधान नहीं था, लेकिन नए कानून में व्यवस्था की गयी जो आज के समय की मांग है। उन्होंने बताया कि इन नए कानूनों में सूचना प्रौद्योगिकी के साथ ही साथ फॉरेंसिक लैब की स्थापना पर बल दिया गया है ।
इस अवसर पर छत्तीसगढ पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के उपनिदेशक अभियोजन, अवनिश चौरसिया ने बताया कि नए कानूनों में ई-रिकॉर्ड का प्रावधान किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर और चार्जशीट डिजिटल होंगे । पीड़ित को 90 दिनों के भीतर सूचना प्रदान की जाएगी और 7 साल या उससे अधिक की सजा के प्रावधान वाले मामलों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य होगी ।
उन्होंने बताया कि राजद्रोह कानून को निरस्त कर देशद्रोह को परिभाषित किया गया है। इसमें भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ कार्यों के लिए सात साल तक की सजा अथवा आजीवन कारावास का प्रावधान किया गया है । उन्होंने बताया कि नए आपराधिक कानून बेहद सरल हैं और सहजता के साथ अध्ययन करने पर इन्हें आसानी से समझा जा सकता है । उन्होंने बताया कि भगोड़े अपराधी के दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष या अधिक की सजा/आजीवन कारावास/मौत की सजा और भगोड़े अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाए जाने का प्रावधान किया गया है । साथ ही संगठित अपराधों पर नए प्रावधान बनाए गए हैं । इसके अलावा आतंकवाद को परिभाषित करते हुए इसके प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत किया गया है और आतंकवादी कृत्यों के लिए मृत्युदंड अथवा आजीवन कारावास का प्रावधान किया गया है ।
राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी, रायपुर के सहायक जिला अभियोजन अधिकारी शुभम तोमर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 पर चर्चा करते हुए बताया कि इन कानूनों के लागू होने के बाद आम जनता को न्याय, सरल, सुलभ और समबद्ध रूप से प्राप्त होंगे । एफआईआर से लेकर अदालत के निर्णय तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी और भारत अपनी आपराधिक न्याय प्रणाली में आधुनिक तकनीक का सबसे अधिक इस्तेमाल करने वाला देश बन जाएगा । देश में एक ऐसी न्यायिक प्रणाली स्थापित होगी जिसके जरिए तीन वर्षों के भीतर न्याय मिल सकेगा । उन्होंने बताया कि 35 धाराओं में समय सीमा निर्धारित की गई है । उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक तरीके से शिकायत दायर करने के तीन दिन के भीतर एफआईआर दर्ज करने का प्रावधान है, साथ ही यौन उत्पीड़न के मामलों में सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देनी होगी । श्री तोमर ने धारा 41 के अंतर्गत पुलिस द्वारा किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करने और उसके प्रक्रिया की पर विस्तार से चर्चा की ।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों का का स्वागत करते हुए पत्र सूचना कार्यालय, नई दिल्ली के अपर महानिदेशक कृपा शंकर यादव ने कहा कि इस वार्तालाप का उद्देश्य नए कानूनों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना है, ताकि वे इन कानूनों के प्रति जागरुक हो सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए कानून त्वरित न्याय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर के उपनिदेशक रमेश जायभाये ने किया।