रायपुर

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने पटवारियों से की बात : राजस्व पखवाड़े के लिए सरकार गंभीर

रायपुर | एक तरफ साय सरकार आज से राजस्व पखवाड़ा आयोजित करने जा रही है, वहीं दूसरी ओर पटवारी दो दिन बाद से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे रहे हैं | पटवारियों के हड़ताल को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि पटवारी से हमारी बात हुई है | उनसे कहा कि सबके हित में है कि आप लोग हड़ताल पर मत जाइए |

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि सारंगढ़ में जिस पटवारी को निलंबित किया गया था, उसको बहाल करने की मांग की जा रही है | हमने इस विषय को देखा है, मैने पेपर भी निकलवाया है, पटवारी की गलती निकाली है | पटवारी संघ अध्यक्ष को बोला है कि बिना वजह आप लोग मामले को तुल दे रहे हो. निलंबित सीमित समय के लिए होता है |

मंत्री टंकराम वर्मा ने राजस्व पखवाड़े के संबंध में कहा कि लंबित प्रकरणों के निपटारे के लिए राजस्व पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है | बलौदाबाजार से शुरू हुआ यह पखवाड़ा शेष सभी 32 जिलों में 15 दिन चलेगा | इसमें किसानों की जमीन संबंधी समस्या का समाधान होगा, जिसमें जमीनों के नक्शा, खसरा, बटांकन संबंधी विवादों का निराकरण किया जाएगा |

मंत्री ने बताया कि राजस्व रिकार्ड दुरुस्त करने भुंइया सॉफ्टवेयर में संशोधन किया जा रहा है | जिले में एक-एक प्रोग्रामर बिठाया जा रहा है | वर्षा को देखते हुए आपदा प्रबंधन के किए 143 करोड़ रुपया भेजा गया है | डूबने से मृत्यु, राहत बचाव, अन्य शिविर सहित कामों में राशि का उपयोग किया जाएगा |