छत्तीसगढ़

नक्सलियों ने किया दो ग्रामीणों को अगवा... फिर हत्या कर गांव के पास फेंकी लाश

रायपुर। बस्तर में सुरक्षाबल के जवानों लगातार नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे है। ऐसे में नक्सलियों ने दहशत फैलाने एक बार फिर ग्रामीणों को टारगेट किया है। बीजापुर जिला के तर्रेम थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों को अगवा कर उनकी हत्या कर दी।  बतादें, कि इससे पहले 26 जनवरी को नक्सलियों ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।

नक्सलियों ने गांव में रहने वाले राजू कारम और मुन्ना माडवी का गांव से अपहरण कर जंगल ले गए। दोनों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उनकी हत्या कर लाश को गांव के पास फेंक दिया। सुबह घटना की जानकारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने दोनों ग्रामीणों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

बता दें, कि इससे पहले भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशामुंडी गांव में माओवादियों ने 26 जनवरी को ग्रामीण भदरू सोढ़ी की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी थी। यहां 26 जनवरी की शाम लगभग सात बजे माओवादी केशामुंडी गांव स्थित सोढ़ी के घर पहुंचे और मौके पर ही कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर फरार हो गए। नक्सलियों द्वारा निर्दोष ग्रामीणों की हत्या के मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबल के जवानों की कार्रवाई से नक्सली परेशान है। फोर्स के प्रति ग्रामीणों का विश्वास बढ़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच अपनी दहशत कायम करने के लिए नक्सली इस तरह की कायराना करतूत को अंजाम दे रहे है।