कानन पेण्डारी जू के शेर ‘भीम’ का निधन.... किया गया विधिवत अंतिम संस्कार
रायपुर। कानन पेण्डारी जू में रह रहे शेर ‘भीम’ का मंगलवार सुबह निधन हो गया। 17 फरवरी 2025 से किडनी संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उसका इलाज किया जा रहा था। बेहतर उपचार के लिए गुजरात के गिर नेशनल पार्क के वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉ. आर.एफ. काडीवार से परामर्श लिया गया था, और उनके निर्देशानुसार उपचार जारी था।
जू के पशु चिकित्सकों की टीम लगातार ‘भीम’ की निगरानी कर रही थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद आज 4 मार्च 2025 की सुबह उसने दम तोड़ दिया। केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुसार, शेर के शव का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सकों की टीम ने किया। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ‘भीम’ का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
जू प्रशासन ने शेर भीम की मौत को बड़ी क्षति बताया है। वन्यजीव प्रेमियों और कानन पेण्डारी जू के कर्मचारियों के लिए यह एक भावनात्मक क्षण रहा।