राष्ट्रीय गौरव यात्राः भगवा रंग से रंगेगा रायपुर... जाणता राजा का मंचन होगा खास
- करीब 20 साल बाद रायपुर में मंचित किया जाएगा जाणता राजा
- राजधानी की सड़कों में लहराएगा भगवा ध्वज.. गौरव यात्रा का होगा भव्य स्वागत
रायपुर। राजधानी रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय गौरव यात्रा की तैयारी को लेकर गुरुवार शाम महाराष्ट्र मंडल में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। गौरव यात्रा के भव्य स्वागत के लिए राजधानी को पूरी तरह भगवा मय किया जाएगा। वहीं इस अवसर पर शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे द्वारा लिखित 'जाणता राजा' छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित एशिया का सबसे बड़ा महानाट्यम का मंचन रायपुर में किया जाएगा। बतादें कि यह महानाट्य आज से करीब 20 साल पहले रायपुर में मंचित हुआ था। जाणता राजा का मंचन छत्तीसगढ़ युवा आयोग की ओर से किया जा रहा है।
महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय तोमर आज की बैठक में विशेष रुप से शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय गौरव यात्रा और जाणता राजा के मंचन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग की बात कहीं।
बताते चलें कि छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जिजाऊ बाई के मायके सिंधखेड़ से 12 फरवरी को राष्ट्रीय गौरव यात्रा शुरू हो रही है। शिवाजी महाराज के भव्य रथ के साथ लगभग 500 लोग इस यात्रा के साथ चलेंगे। यह यात्रा शिर्डी, छत्रपति संभाजी नगर, जालना, नागपुर से होते हुए 16 फरवरी को शाम चार बजे रायपुर पहुंचेगी। यहां गौरव यात्रा का महाराष्ट्र मंडल सहित सर्वसमाज के प्रतिनिधि भव्य स्वागत करेंगे।
यात्रा के साथ चल रहे जिजाऊ बाई की 16वीं पीढ़ी के वंशज राजा शिवाजी दत्तात्रेय राजे जाधव तात्यापारा चौक पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां से गौरव यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागृह पहुंचेगी। यहां आयोजित सभा में महाराष्ट्र के यात्रियों के साथ रायपुर के सर्वसमाज के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सभा को राजा शिवाजी दत्तात्रेय जाधव सहित कई महत्वपूर्ण हस्तियां संबोधित करेंगी। यात्रा यहीं रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन मंगलवार, 17 फरवरी को सुबह संबलपुर के लिए रवाना होगी। 19 फरवरी को गौरव यात्रा जगन्नाथ पुरी पहुंचेगी, जहां यात्रा की भव्य समापन सभा होगी।
बैठक में सिविल सोसायटी के संस्थापक डॉ. कुलदीप सोलंकी, मराठा समाज के अध्यक्ष लोकेश पवार, प्रदेश तिरेला कुर्मी समाज के अध्यक्ष ललित कांकडे, डॉ. धनंजय वर्मा ने भी आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में मराठा समाज के शरद फरताडे, बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले, महाराष्ट्र मंडल कार्यकारिणी के परितोष डोनगांवकर, प्रशांत देशपांडे, दीपक पात्रीकर सहित अनेक पदाधिकारी व सभासद उपस्थित रहे।