छत्तीसगढ़

जंगल से भटककर रहवासी इलाकों में पहुंचे भालू, वन विभाग अलर्ट

रायपुर। कवर्धा जिले में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर तीन भालुओं का दल रहवासी इलाकों तक पहुंच गया। भालुओं की मौजूदगी से जैतपूरी और रामचुआ गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के मुताबिक, 17वीं बटालियन क्षेत्र अंतर्गत जैतपूरी और रामचुआ गांव के आसपास देर रात तीन भालू घूमते नजर आए। खेतों और बस्तियों के पास भालुओं को देखकर ग्रामीण सहम गए और घरों में कैद होकर रह गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल की रोशनी में भालुओं को देखा, जिसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। यह इलाका भोरमदेव अभयारण्य से सटा हुआ है, जहां से जंगली जानवरों की आवाजाही अक्सर होती रहती है।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में रातभर निगरानी करती रही। एहतियात के तौर पर गांवों में मुनादी कराई गई और लोगों को रात के समय घर से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई।

वन विभाग द्वारा भालुओं की ट्रैकिंग की जा रही है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भालुओं का दल किस दिशा में गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी हालत में भालुओं के नजदीक न जाने की अपील की है, फिलहाल इलाके में वन विभाग और प्रशासन अलर्ट पर है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।