रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में युवक गंभीर रूप से घायल
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेलवे स्टेशन में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। गाड़ी संख्या 13287 से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर यह हादसा उस समय हुआ जब गाड़ी संख्या 13287 सुबह 10:03 बजे प्लेटफार्म पर पहुंची और निर्धारित ठहराव के बाद 10:18 बजे जैसे ही रवाना हुई, तभी एक युवक पीछे की जनरल कोच (ECR 195126/C) में चढ़ने की कोशिश में ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही कोच में मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया, जिसके बाद ट्रेन मैनेजर ने तुरंत ट्रेन को रोका। घायल युवक को ट्रेन के नीचे से निकाला गया और प्लेटफार्म पर लाकर ई-लाइट हॉस्पिटल की एम्बुलेंस की मदद से सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया।
घटना के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और (GRP) के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। घायल यात्री का नाम सिकंदर यादव 34 वर्ष पता विदेशी टोला, गोपालगंज, बिहार है। वह रायपुर से पटना सफर कर रहा था। हादसे के चलते ट्रेन संख्या 13287 को लगभग 32 मिनट तक स्टेशन में रोके रखना पड़ा। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश ना करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।”रेलवे स्टेशन पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर यात्रियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है।