छत्तीसगढ़

कुरदा गांव में गणेश उत्सव पंडाल में उपद्रव, पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा|  कुरदा गांव में गणेश उत्सव पंडाल में शनिवार रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उपद्रव किया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और गांव की स्थिति को सामान्य कराया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शराब के नशे में बीरेंद्र बंजारे और मंजूलाल मिरी पंडाल में पहुंचे और उपद्रव शुरू कर दिया। दोनों ने पूजा सामग्री और साउंड सिस्टम को तोड़फोड़ कर फेंक दिया।

इतना ही नहीं, समिति सदस्यों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।इसी दौरान समिति के सदस्य अमर दास महंत के पिता राजू महंत से जबरन पैसे और गाड़ी लूटने का भी आरोप सामने आया है। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
 

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी असामाजिक तत्वों द्वारा कई मंदिरों में मूर्तियों को खंडित करने की घटनाएं हो चुकी हैं और अब पुनः इस तरह की वारदात हो रही है। लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली इन घटनाओं पर सख्त कार्यवाही की जाए।