छत्तीसगढ़

रेलवे का बड़ा ऐलान: दिवाली और छठ पर यात्रियों के लिए चलेंगी 12 हजार स्पेशल ट्रेनें

रायपुर। त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। इस बार दिवाली और छठ महापर्व के मौके पर रेलवे 12 हजार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। रेल मंत्रालय के अनुसार, हर साल दिवाली और छठ के दौरान लाखों लोग बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों की ओर जाते हैं। इस दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण टिकट पाना मुश्किल हो जाता है। यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए रेलवे ने इस बार रिकॉर्ड संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ये पूजा स्पेशल ट्रेनें प्रमुख महानगरों-दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद और बेंगलुरु से चलेंगी और बिहार, यूपी व झारखंड के बड़े जंक्शनों तक यात्रियों को पहुंचाएंगी। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जाएंगे। साथ ही, टिकट बुकिंग के लिए IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर विशेष स्लॉट दिए जाएंगे ताकि लोगों को असुविधा न हो।

रेलवे ने कहा है कि त्योहारों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती होगी और प्लेटफार्मों पर भी विशेष इंतज़ाम किए जाएंगे।