किसानों को 266 रुपए की यूरिया 900 में बेच रहा था दुकानदार, 525 बोरी यूरिया जब्त
2025-09-04 10:37 AM
56
गरियाबंद. खाद की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी काईवाई की है। कृषि केंद्र में 266 रुपए की यूरिया 900 में बिक रही थी। कृषि उपसंचालक की अगुवाई में बनी टीम ने मौके पर पहुंचकर 525 बोरी यूरिया खाद जब्त कर दुकानदार को नोटिस थमाया और दुकान को 7 दिनों के लिए निलंबित किया। वहीं नोटिस का जवाब संतोषप्रद नहीं मिलने पर दुकान की लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा दो अन्य दुकानों में भी अनियमितता पाई गई। इन दुकानदारों को भी चेतावनी दी।
गरियाबंद जिले के दूरस्थ अंचल ओडिशा सीमा से लगे देवभोग और अमलीपदर अंचल में यूरिया खाद की कालाबाजारी की सूचना लगातार मिल रही थी। कलेक्टर के निर्देश पर बनी टीम को लेकर आज कृषि उपसंचालक चंदन राय खुद इलाके में दबिश देने निकले। प्रभावित इलाके में एंट्री करते ही टीम की नजर धुर्वागुडी में संचालित राजेंद्र खाद भंडारण पर पड़ी। यहां गोदाम में यूरिया अनलोड हो रहा था, काउंटर में यूरिया खरीदी कर किसान लौट रहे थे।
खरीददारों को रोककर अफसरों ने दाम पूछा तो पांव तले जमीन खिसक गए। खरीदार किसान ने टीम को बताया कि वे लोग 900 रुपए प्रति बोरी की दर पर खाद खरीदकर ले जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद 525 बोरी यूरिया को जब्त किया। वहीं दुकान को सात दिवस के लिए निलंबित भी कर दिया। दुकान संचालक को नोटिस थमाया गया है। कृषि उपसंचालक ने कहा कि नोटिस का संतोषप्रद जवाब तीन दिनों के भीतर नहीं मिला तो लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई होगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि निर्धारित दर पर अधिकृत विक्रेता से ही उर्वरक क्रय करें एवं सामग्री का पक्का बिल आवश्यक रूप से लें। अनाधिकृत रूप से व्यवसाय अथवा अधिक कीमत पर विक्रय करने की जानकारी होने पर विभागीय अधिकारियों को जरूर सूचित करें, ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।