छत्तीसगढ़

पुलिस ने फिल्मी अंदाज में डीजल चोर गिरोह को पकड़ा, 1280 लीटर डीजल व स्कॉर्पियो जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने फिल्मी अंदाज में अंतर जिला डीजल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान रास्ता ट्रैक्टर से जाम कर घेराबंदी की और स्कॉर्पियो सवार आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1280 लीटर डीजल, एक स्कार्पियो गाड़ी, मोबाइल फोन, डीजल चोरी में उपयोग किए जाने वाले लोहे के रॉड और पाइप बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 13 लाख 32 हजार रुपये आंकी गई है।
 
वहीं, दो आरोपी अर्जुन रात्रे और विरेंद्र पटेल मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करता था और फिर कबाड़ के सामान के बीच छिपाकर बेचता था।
 
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 61(2), 221, 132 और 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।