छत्तीसगढ़

गरियाबंद. फिंगेश्वर पुलिस ने गांजा तस्करों का किया भंडाफोड़

गरियाबंद। जिले की फिंगेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान अजय आर्य और पवन (मध्यप्रदेश निवासी) तथा फिरोज (महाराष्ट्र निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लंबे समय से ओडिशा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सप्लाई कर रहा था।

तस्करों ने पुलिस की नज़र से बचने के लिए कार में एक विशेष गुप्त चेंबर तैयार किया था, जिसमें गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। लेकिन मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर फिंगेश्वर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी के दौरान गुप्त चेंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
 
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही यह जांच भी शुरू कर दी है कि इस गिरोह के और कितने सदस्य इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और तस्करी का यह कारोबार कितने राज्यों तक फैला है।