पढ़ाई से लेकर पोषण योजना तक, कलेक्टर ने लिया जोरातराई स्कूल का जायजा
2025-09-20 08:10 AM
57
खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आज विकासखंड खैरागढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला जोरातराई का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से गणित और रंगों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक सही उत्तर दिया। कलेक्टर ने सही जवाब देने वाले बच्चों की तालियां बजवाकर हौसला अफजाई की और उन्हें चॉकलेट भी वितरित किए
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों से नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों को तार्किक प्रश्नों के विभिन्न हल समझाए और उन्हें आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की प्रेरणा दी। इस मौके पर वे एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया और बच्चों से मेनू की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।