आज फिर भीगेगा छत्तीसगढ़.... प्रदेश में भारी बारिश का यलो अलर्ट
रायपुर। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बलरामपुर, सूरजपुर और कोरिया समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि गरियाबंद के अमलीपदर में सर्वाधिक 101 मिमी बारिश हुई। अमलीपदर और बलौदा बाजार में 10 सेमी, मंदिर हसौद और मैनपुर में 9 सेमी, जबकि रायपुर एयरपोर्ट, धनोरा और नेरहरपुर में 6 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि एक अवदाब अंदरुनी उड़ीसा के ऊपर स्थित है, इसके असर से प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश हो रही है, लेकिन 5 अक्टूबर के बाद बारिश की तीव्रता घटने लगेगी।
बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की घटनाएं भी सामने आईं। धमतरी जिले में 65 वर्षीय पुजारी महानदी पार करते समय बाढ़ में टापू पर फंस गए, जिन्हें आठ घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं गरियाबंद जिले में ग्रामीणों ने प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को खाट पर बांधकर नदी पार कराया और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।