छत्तीसगढ़

देवरी पिकनिक स्पॉट में हादसा : बिलासपुर के 4 और अकलतरा के 1 युवक-युवती डूबे, 2 को बचाया गया, 3 लापता

जांजगीर-चाम्पा जिले के पंतोरा क्षेत्र के मशहूर देवरी पिकनिक स्पॉट पर एक बार फिर हादसा हुआ है। हसदेव नदी में नहाने गए 5 युवक-युवतियों में से 3 नदी के तेज बहाव में डूब गए हैं, जबकि दो को ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर से 2 युवक और 2 युवतियां तथा अकलतरा के अर्जुनी गांव से एक युवक पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। शाम के वक्त सभी नदी में नहा रहे थे, तभी हादसा हो गया। पांचों बहने लगे, लेकिन अर्जुनी गांव के लक्ष्मी शंकर और बिलासपुर की युवती मोनिका सिन्हा को ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से बचा लिया।

वहीं, बिलासपुर के अंकुर कुशवाहा, आशीष भोई और रेखा ठाकुर का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। रात होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है, जिसे सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
 

फिलहाल पंतोरा पुलिस मौके पर मौजूद है। SDRF और DDRF की टीमों को भी बुला लिया गया है। हादसे के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।देवरी पिकनिक स्पॉट में इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां सुरक्षा इंतज़ाम न के बराबर हैं।