छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अभी 10 अक्टूबर तक बारिश... मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लौटा बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रूक- रूककर हो रही बारिश ने बीते कई दिनों से छत्तीसगढ़ को भींगा रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन की गतिविधि देखने को मिलेगी।10 अक्टूबर के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम में सुधार होने और बारिश की तीव्रता घटने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। इस दौरान जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसारद्रोणिका (ट्रफ लाइन) उत्तर तटीय ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है, साथ ही उत्तर-पूर्वी झारखंड में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन प्रणालियों के कारण प्रदेश में बारिश जारी है।मौसम केंद्र रायपुर ने 8 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।