गढ़चिरौली में मुठभेड़… सी-60 कमांडोज ने 3 नक्सली को किया ढेर, एक जवान शहीद
रायपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर स्थित गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान महाराष्ट्र के C-60 कमांडोज ने तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया, हालांकि इस ऑपरेशन में एक जवान के शहीद होने की भी खबरें सामने आ रही है।
बता दें कि अबूझमाड़ और गढ़चिरौली का यह सीमावर्ती इलाका नक्सलियों का कोर जोन माना जाता है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि अब नक्सलियों के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ठिकानों में भी पुलिस की पहुंच मजबूत हो चुकी है, जिससे नक्सलियों का सूचना तंत्र पूरी तरह ध्वस्त हो रहा है।
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में जवानों ने घटनास्थल से मारे गए नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला नक्सली शामिल है। मौके से एक AK-47 और एक SLR राइफल भी मिली है। इतनी घातक बंदूकों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि नक्सली इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
महाराष्ट्र पुलिस ने पुष्टि की है कि नक्सलियों का डटकर मुकाबला करते हुए C-60 का एक जवान वीरगति को प्राप्त हुआ है। वहीं, एक अन्य जवान घायल है जिसे तत्काल एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है। गुरुवार से अबूझमाड़ के जंगलों में शुरू हुआ यह ऑपरेशन अब अपने निर्णायक मोड़ पर है और सुरक्षाबल लगातार इलाके में सर्चिंग अभियान चला रहे हैं।