वैलेंटाइन डे पर पुलिस अलर्ट, अनहोनी रोकने प्रेमी-युगलों पर रहेगी कड़ी नजर
2026-02-14 09:35 AM
39
दुर्ग। जिले में वैलेंटाइन डे के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। शनिवार को जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, हुड़दंग या असामाजिक तत्वों की हरकतों पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।
वैलेंटाइन डे को देखते हुए जिले में पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस प्रशासन ने 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 5 नगर पुलिस अधीक्षक, 30 थाना प्रभारियों की ड्यूटी निर्धारित की है। ये सभी अधिकारी जिले के पार्क, गार्डन, मॉल, प्रमुख बाजार, पर्यटन स्थल और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर तैनात रहेंगे।
वैलेंटाइन डे के अवसर पर हर साल प्रेमी युगलों के साथ होने वाली हिंसा की घटनाओं को लेकर दुर्ग में भीम आर्मी ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने प्रेमी युगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कट्टरपंथी संगठनों की ओर से हिंसा किए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। भीम आर्मी ने कहा कि हर साल वैलेंटाइन डे और सप्ताह के दौरान कुछ असामाजिक तत्व संस्कृति रक्षण और मोरल पुलिसिंग के नाम पर प्रेमी युगलों के साथ हिंसा करते हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ इस साल कठोर कार्रवाई की जाए।