रेल यात्रियों के लिए राहत, बेहद कम शुल्क में बिलासपुर रेलवे स्टेशन के ठीक सामने मिलेगी ‘हाल्टिंग वे’ की सुविधा…
2026-02-14 03:33 PM
31
बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए राहत की खबर है. अब स्टेशन परिसर में वाहन खड़ा करना आसान और सस्ता होने वाला है. रेलवे प्रशासन जल्द ही स्टेशन के सामने ‘हॉल्टिंग वे’ की सुविधा शुरू करने जा रहा है, जहां बेहद कम शुल्क में तय समय तक वाहन खड़े किए जा सकेंगे.
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पहले से प्रीमियम पार्किंग और ड्रॉप एंड गो की सुविधा मौजूद है, लेकिन आम यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए अब हॉल्टिंग वे विकसित की जा रही है. यह सुविधा स्टेशन के सामने रेल कोच रेस्टोरेंट से लगी खाली जमीन पर तैयार की जाएगी. पहले जमीन का विकास किया जाएगा, इसके बाद ठेके के माध्यम से इसका संचालन होगा.
हॉल्टिंग वे का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो अपने परिजनों या परिचितों को स्टेशन छोड़ने या रिसीव करने आते हैं. अभी उन्हें घंटों के हिसाब से पार्किंग शुल्क देना पड़ता है या सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.
रेलवे की योजना के अनुसार, दोपहिया वाहनों के लिए 3 घंटे का शुल्क केवल 5 रुपए, चार पहिया वाहनों के लिए 4 घंटे का शुल्क 10 रुपए रखा जाएगा. हालांकि, यह सुविधा अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन रेलवे प्रशासन के मुताबिक इसे जल्द शुरू किया जाएगा. यही नहीं हॉल्टिंग वे परिसर में यात्रियों के लिए चाय स्टॉल, वाहन सफाई और छोटे-मोटे कार्यों की भी व्यवस्था की जाएगी.
फिलहाल, स्टेशन के सामने तितली चौक, सेकरसा मैदान और वर्तमान आरक्षण कार्यालय तक सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर कार्रवाई होती है. नई व्यवस्था लागू होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्टेशन क्षेत्र की अव्यवस्था भी काफी हद तक कम होगी. कुल मिलाकर, रेलवे की यह पहल यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में भी मददगार साबित होगी.