पुलिस-ग्रामीणों में झड़प, अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, पुलिस वाहन, बस व जेसीबी में तोड़फोड़
2026-02-19 08:30 AM
21
सूरजपुर। सूरजपुर जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। मामला सुंदरगंज गांव का है, जो लटोरी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम लगभग 100 एकड़ शासकीय भूमि पर से अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हुई, वहां मौजूद कथित अतिक्रमणकारियों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। स्थिति अचानक उग्र हो गई और कुछ लोगों द्वारा पुलिस व प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के दौरान पुलिस के दो बस, एक जीप तथा जेसीबी मशीन में जमकर तोड़फोड़ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पथराव और हंगामे के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहनों के शीशे टूट गए और जेसीबी मशीन को भी गंभीर नुकसान पहुंचा पथराव और झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर घायल पुलिसकर्मियों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की थी। घटना के बाद अतिरिक्त बल को भी मौके पर भेजा गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। वहीं, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।