धार्मिक नगरी रतनपुर में 6 दिन में 10 कछुओं की मौत, वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल…!
2026-02-20 11:14 AM
16
बिलासपुर| छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर में कछुओं की रहस्यमयी मौत से सनसनी फैल गई है। बूढ़ा महादेव मंदिर तालाब में आठ कछुए मृत मिले हैं। पोस्टमार्टम में अंदरुनी चोट के निशान मिले हैं, जिससे लाठी से पीट-पीटकर मारने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले मां महामाया मंदिर कुंड में भी दो कछुए मृत मिले थे।
वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।धार्मिक नगरी रतनपुर में छह दिन के भीतर कछुओं की मौत की यह दूसरी घटना है। बुधवार सुबह बूढ़ा महादेव मंदिर के पास स्थित तालाब में एक साथ आठ कछुओं की लाश तैरती मिली। ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा और सभी शवों को बाहर निकाला।इससे पहले शुक्रवार को मां महामाया मंदिर परिसर के कुंड में दो कछुए मृत मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि किसी भारी वस्तु या लाठी से वार किए जाने के कारण हुई है। सभी कछुओं के शरीर पर एक जैसे चोट के निशान पाए गए हैं।
वन विभाग ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। मृत कछुओं की उम्र महज चार से पांच महीने बताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार ये अनुसूची-एक के संरक्षित वन्यजीव हैं, जिनकी हत्या गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि शिकार या सुनियोजित हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल है और लोग इस बेरहम करतूत पर आक्रोश जता रहे हैं।