आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली पहुंचे विधानसभा, देखी लोकतंत्र की कार्यवाही
रायपुर। रायपुर में आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पल देखने को मिला, जब बस्तर क्षेत्र में लंबे समय तक नक्सली संगठन से जुड़े रहे और अब आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट चुके सौ से अधिक पूर्व नक्सली विधानसभा की कार्यवाही देखने नवा रायपुर पहुंचे। लोकतंत्र के मंदिर कहे जाने वाले सदन में बैठकर उन्होंने पहली बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से देखा।
विधानसभा पहुंचने से पहले इन सभी ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान पुनर्वास नीति, मुख्यधारा में जीवन और समाज के साथ समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। गृहमंत्री ने इसे शांति और विश्वास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
बताया जा रहा है कि यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ है, जब पुनर्वासित पूर्व नक्सली सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे हैं। इस पहल को लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती और बस्तर में बदलते हालात का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।