सुबह 9 से 5 बिजली सस्ती... पीक ऑवर्स में होगी 20 प्रतिशत महंगी... लागू होगा टाइम ऑफ डे टैरिफ
रायपुर। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह राहत भरी खबर है कि अब उनकी जागरूकता बिजली बिल के कम कर सकती है। छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी अब टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ लागू करने पर विचार कर रही है। बतादें कि पड़ोसी राज्य बिहार में यह टैरिफ 1 अप्रैल 2026 से लागू हो रहा है। अगर छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी द्वारा इसे लागू किया जाता है तो प्रदेश के उपभोक्ताओं को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली उपकरणों को उपयोग करना सस्ता पड़ेगा। वहीं पीक ऑवर्स यानी शाम 5 से रात 10 बजे तक बिजली उपकरणों के उपयोग पर 20 प्रतिशत अधिक टैरिफ देना होगा।
नई व्यवस्था लागू होती है तो दिन को तीन अलग-अलग समय स्लॉट में बांटा जाएगा। इससे प्रदेश के करीब 87 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी खपत को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली का उपयोग करने पर सामान्य दर से 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं, शाम 5 से रात 10 बजे तक बिजली का उपयोग करने पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत चार्ज देना पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, उपभोक्ता यदि वाशिंग मशीन, गीजर, पानी की मोटर या प्रेस जैसे भारी उपकरणों का उपयोग दिन के समय करें, तो वे आसानी से बिजली बिल में बचत कर सकते हैं। स्मार्ट मीटर और डिजिटल ऐप्स के जरिए उपभोक्ता अपनी खपत पर नजर रख सकेंगे और सही समय पर उपयोग करके खर्च कम कर पाएंगे।
यह नियम फिलहाल केवल उन्हीं उपभोक्ताओं पर लागू होगा, जिनके यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से बिजली ग्रिड पर दबाव कम होगा और कटौती की समस्या में भी राहत मिलेगी। यह उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल कम करने का एक बेहतर अवसर साबित हो सकता है।