छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा के CSC सेंटर डेटोनेटर ब्लास्ट केस में 2 आरोपी हिरासत में

रायपुर। प्रदेश के जांजगीर-चांपा जिले के CSC सेंटर में हुए डेटोनेटर ब्लास्ट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम बनाहिल का है, जहां वेदांत सर्विस CSC सेंटर में देर रात करीब 11:45 बजे डेटोनेटर फटने से जोरदार धमाका हुआ था। इस घटना में दुकान के अंदर रखा कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी और अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और डेटोनेटर के स्रोत व घटना के पीछे की साजिश को लेकर गहन जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।