बीएसएनएल टावर से कूदकर युवक ने दी जान.... मामूली हादसे के तनाव में उठाया खौफनाक कदम
रायपुर। दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक ने मोबाइल टावर से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में बीएसपी अस्पताल के पीछे स्थित टाउनशिप इलाके में एक युवक ने बीएसएनएल टावर से कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान आकाश चंद्रिका पुरे, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है, जो नंदिनी नगर क्षेत्र का ही निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच और डॉक्टरों की रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक एक दिन पहले अपने वाहन को दीवार से टकरा बैठा था, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। इसी बात को लेकर वह मानसिक तनाव में था और परिजनों की डांट के डर से उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।