छत्तीसगढ़

महानदी नहर में नहाते समय नाबालिग बहा, गोताखोरों की तलाश जारी

धमतरी। जिले के रुद्री बैराज के पास महानदी मुख्य नहर में नहाने के दौरान एक 17 वर्षीय नाबालिग के बह जाने की आशंका से हड़कंप मच गया है। घटना के बाद से पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जानकारी के अनुसार, धमतरी शहर से सटे रुद्री बैराज क्षेत्र में कुछ नाबालिग दोस्त नहर में नहाने गए थे। इसी दौरान तेज बहाव के कारण एक नाबालिग पानी में बह गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते नहर में ओझल हो गया।
 
लापता नाबालिग की पहचान समीर (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। उसके परिजन फेरी का काम करते हैं और फिलहाल क्षेत्र में ही मौजूद हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नहर के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि दोपहर के समय रुद्री बैराज के पास कुछ बच्चे नहर में नहा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि उस समय नहर के सभी पांच गेट खुले हुए थे और लगभग 3500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसके कारण पानी का बहाव बेहद तेज था।
 
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नहर के आसपास और आगे के हिस्सों में भी तलाशी अभियान चलाया है, जिसमें अर्जुनी थाना क्षेत्र का हिस्सा भी शामिल है। लेकिन अब तक नाबालिग का कोई पता नहीं चल पाया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नहर में पानी के बहाव को कम करवाया है, ताकि सर्च ऑपरेशन को और प्रभावी बनाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे पानी का स्तर कम होगा, तलाश अभियान और तेज किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है और स्थानीय लोगों ने नहर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की निगरानी कर रही है और गोताखोर लगातार पानी में तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने भरोसा जताया है कि जल्द ही नाबालिग का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।