छत्तीसगढ़

गरियाबंद के स्वामी आत्मानंद स्कूल में एडमिशन शुरू, पहली कक्षा के लिए ही मौका – 6 से 10 मई के बीच होगी लॉटरी

गरियाबंद। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय गरियाबंद में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार इच्छुक पालक अपने बच्चों का आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं।

संस्था के प्राचार्य दीपक कुमार बौद्ध ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में दाखिले को लेकर पालकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस वर्ष केवल पहली कक्षा में ही प्रवेश दिया जाएगा, क्योंकि अन्य सभी कक्षाओं में सीटें पहले से ही पूर्ण हैं।

प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी। यदि आवेदन संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होती है, तो चयन के लिए मैन्युअल लॉटरी (पर्ची पद्धति) का सहारा लिया जाएगा।

यह लॉटरी प्रक्रिया 6 मई से 10 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें पालकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में निष्पक्ष रूप से बच्चों का चयन किया जाएगा।

प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आयु सीमा के अनुसार 31 मई 2026 तक बच्चे की उम्र 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के बीच होना अनिवार्य है, अन्यथा आवेदन स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा।