विधायक ने सिटी बस की सवारी की, यात्रियों में दिखा उत्साह
2026-04-13 02:10 PM
108
बिलासपुर। जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विकास उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें 12 करोड़ 16 लाख 97 हजार की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलापूजन और लोकार्पण किया गया। विधायक सुशांत शुक्ला ने कोनी स्थित बस डिपो में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने सिटी बस की सवारी भी की।
दरअसल, रविवार को विधायक सुशांत शुक्ला ने कोनी स्थित बस डिपो से सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। सिटी बस सेवा को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
सिटी बस सेवा का शुभारंभ के बाद विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, एमआईसी सदस्य और पार्षदों ने सिटी बस की सवारी की। बस में सवार होकर सभी जनप्रतिनिधि अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। बस राजकिशोर पहुंची, जहां हरश्रृंगार कॉलोनी में सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर विधायक शुक्ला ने कहा कि राजकिशोर नगर स्थित हरश्रृंगार सामुदायिक भवन से मध्यमवर्गीय परिवारों को सामाजिक आयोजनों के लिए सुलभ और किफायती जगह उपलब्ध होगा।