छत्तीसगढ़

भिलाई इस्पात संयंत्र में स्कूल-स्तरीय सेफ्टी क्विज पुनः शुरू, 500 विद्यार्थियों की सहभागिता

रायपुर। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग द्वारा स्कूली विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर-10 स्थित बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार का आयोजन दो दशक से अधिक समय के अंतराल के बाद पुनः प्रारंभ किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने कोरस एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज में अग्नि सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, कार्यस्थल सुरक्षा, एर्गोनॉमिक्स, विद्युत सुरक्षा तथा पर्यावरण जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सत्पथी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) एसके अग्रवाल तथा महाप्रबंधक (शिक्षा) शिखा दुबे भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्राचार्य सुमिता सरकार भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। अपने संबोधन में सत्पथी ने दो दशक बाद इस पहल के पुनरारंभ पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षा केवल औद्योगिक परिसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि घर, सड़क और खेल के मैदानों में भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और सुरक्षा मूल्यों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षा को केवल नियमों तक सीमित न रखकर इसे व्यक्तिगत आदत के रूप में विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय, सड़क, घर तथा डिजिटल माध्यम जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को सावधानीपूर्वक व्यवहार करने की सलाह दी। उन्होंने आगाह किया कि एक क्षण की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है। प्राचार्य सुमिता सरकार ने कहा कि सुरक्षा को अक्सर दुर्घटना के बाद ही गंभीरता से लिया जाता है, जबकि इसे निरंतर अभ्यास के माध्यम से जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल सुरक्षा पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को अज्ञात ऑनलाइन संपर्कों से सतर्क रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम का समन्वय सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) अजय टल्लू, उप-प्रबंधक अरिजीत रॉय, सहायक-प्रबंधक अखिल मिश्रा तथा जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट लक्ष्मी देवांगन ने किया। मंच संचालन वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती आर. सिसिली दिनकर ने किया। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने प्राचार्य श्रीमती सुमिता सरकार के नेतृत्व में कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दो दशक के अंतराल के बाद आयोजित यह कार्यक्रम सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों तथा कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।