छत्तीसगढ़

प्रदेश में चढ़ा पारा... रायपुर सहित कई जिलों में लू के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब और बढ़ गई, तापमान लगातार नए रिकॉर्ड छू रहा है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ा है। राजनांदगांव में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बन गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई हिस्सों में 19 अप्रैल तक हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। रायपुर में भी गर्मी चरम पर पहुंचने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। दोपहर के समय लू चलने की आशंका जताई गई है।

फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और किसी भी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी कोई बड़ा सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में भी गर्म और सूखा मौसम बना रहेगा। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं। गर्मी के इस दौर में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।