हुक्का-ई-सिगरेट का धंधा सील, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
2026-04-24 07:20 AM
19
दुर्ग। दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और अवैध शराब के धंधे पर सख्त शिकंजा कसा है। मोहन नगर और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री और अवैध शराब जब्त की गई है। मोहन नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखे गए 55 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 40 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, 4 पैकेट हुक्का नोजल, 4 पैकेट हुक्का कोल और नकदी जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 2 हजार 100 रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने राजेश जैन (38 वर्ष) और शैलेश जैन (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इसी तरह सिटी कोतवाली पुलिस ने नयापारा रोड स्थित आरबीएस बस सर्विस डिपो के पास अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो अलग-अलग मामलों में राहुल निषाद और प्रकाश निषाद को पकड़ा गया। पुलिस ने राहुल निषाद के पास से 34 पौवा देशी शराब और नकदी बरामद की, जबकि प्रकाश निषाद से 35 पौवा देशी शराब जब्त की गई। दोनों से कुल 69 पौवा (लगभग 12.420 बल्क लीटर) देशी मदिरा बरामद हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।