छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, रायपुर-बिलासपुर में हीट वेव का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में 24 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई।सबसे ज्यादा तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज हुआ।वहीं, लोहंडीगुड़ा में 2 सेंटीमीटर, तोकापाल, तोंगपाल और जगदलपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

राजनांदगांव – 44°C
दुर्ग – 43°C
रायपुर – 42.8°C
बेमेतरा – 42.4°C
बिलासपुर – 42.4°C

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में दो द्रोणिकाएं सक्रिय हैं, जिनका असर मौसम पर पड़ रहा है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर में 24 अप्रैल को ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और खुद को हाइड्रेट रखें।