छत्तीसगढ़

भिलाई में चला निगम का बुलडोजर..... वैशाली नगर में नाली पर बने अवैध रैम्प ध्वस्त

 

रायपुर। भिलाई नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। नाली के ऊपर बनाए गए अवैध रैम्पों को निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई स्थानीय निवासियों द्वारा जनदर्शन में की गई शिकायत के बाद की गई।

शिकायत में बताया गया था कि, कुछ मोहल्लेवासियों ने अपने घरों के सामने गाड़ियों की आवाजाही के लिए नाली के ऊपर रैम्प बना लिए हैं, जिससे गली संकरी हो गई है और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जोन-2 के राजस्व विभाग और बेदखली की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार कर JCB मशीन से अवैध निर्माण को हटा दिया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि, भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर अर्थदंड के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है और साफ संदेश गया है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।