12वीं बोर्ड की परीक्षा में नकल: हाई कोर्ट ने स्कूल शिक्षा सचिव से शपथ पत्र के साथ मांगा जवाब
रायपुर। बिलासपुर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने स्कूल शिक्षा सचिव को नोटिस जारी कर शपथ पत्र के साथ जवाब पेश करने का निर्देश दिया है। डिवीजन बेंच ने शपथ पत्र के साथ यह जानकारी देने कहा है, मीडिया में जिन नामों का उल्लेख नकल कराने के लिए किया है, उन शिक्षकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। स्टिंग करने वाली छात्रा की शिकायत के बाद की गई कार्रवाई के संबंध में शपथ पत्र में विस्तार के साथ जानकारी देने का निर्देश दिया है।
महासमुंद जिले के भंवरपुर केंद्र में 12वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान, नीता नाम की एक छात्रा ने स्टिंग ऑपरेशन के जरिए परीक्षा हॉल में खुलेआम नकल में मदद करने की गतिविधि को रिकॉर्ड किया और सबूतों के साथ शिकायत दर्ज कराई। जिला स्तर पर सुनवाई न होने पर, वह माध्यमिक शिक्षा मंडल के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराने गई।
बोर्ड के अधिकारी मामले की व्यक्तिगत रूप से जांच कर रहे हैं। उन्होंने छात्रा द्वारा प्रस्तुत सबूतों की भी गहन समीक्षा की है। यह भी बताया गया है, जब छात्रा ने पूरे मामले का विरोध किया और केंद्र के अधीक्षक से शिकायत की, तो उसे चुप करा दिया गया। उसे चेतावनी दी गई, वह इस बारे में किसी से बात न करे। यहां तक कि जब उसने अपने विभाग को इस बारे में बताया तब भी उसे चुप करा दिया गया।
स्कूल के प्रिंसिपल से उसे कोई समर्थन नहीं मिला; इसके बजाय उसे डांट-फटकार ही मिली। लगातार दबाव और धमकियों के कारण नीता मानसिक तनाव में आ गई और बीमार भी पड़ गई, लेकिन उसने नकल के खिलाफ आवाज उठाना बंद नहीं किया।