शादी में जा रहे युवकों की कार हादसे का शिकार... चार की मौत, दो गंभीर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे छह युवक कार दुर्घटना का शिकार हो गए, जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
बिरगांव पार्षद इकराम के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। युवक बिरगांव से पंडरिया जा रहे थे। पांडातराई के गंड़ईकला नदी के पास स्थित पुल के निकट कार का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा।
मृतकों की पहचान अरमान अली (20), मोहम्मद सैफ (19), अनस अली (21) और कौनैन (19) के रूप में हुई है। वहीं, जुनेद रजा (21) और आरजु खान (19) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
पहले भी हो चुका है हादसा
कुछ दिन पहले नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी, जिसमें एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए थे। यह परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। प्रशासन ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और गति नियंत्रित रखने की अपील की है।