दिव्य महाराष्ट्र मंडल

शिवाजी राज्‍याभिषेक दिवस पर शिव शौर्य का मंचन, रिहर्सल जोर शोर से जारी

 रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में इन दिनों अभिषेक बक्षी निर्देशित व अभिनीत हिंदी नाटक ‘शिव शौर्य’ की जोरशोर से रिहर्सल जारी है। लगभग दो दर्जन कलाकारों वाले नाटक को लेकर सभी रंगसाधक अब रंगमंच पर ही रिहर्सल कर रहे हैं। यह नाटक छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्‍याभिषेक दिवस पर 6 जून को महाराष्‍ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्‍वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर मंचित किया जाएगा। इसी दिन मंडल भवन के लॉन एरिया में शिवाजी महाराज की सिंहासन पर बैठी भव्‍य प्रतिमा भी प्रतिष्ठित की जाएगी। 

नाटक के लेखक, निर्देशक और छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका साकार कर रहे अभिषेक बक्षी ने बताया कि नाटक के करीब सभी पात्र फाइनल हो गए हैं और उनकी संवाद अदायगी व भाव भंगिमाओं पर लगातार कार्य जारी है। इसके लिए ‘शिव शौर्य’ के कलाकार अपने- अपने डायलॉग यादकर शाम को रिहर्सल में घंटों पसीना बहा रहे हैं। करीब पखवाड़े भर से नाटक को लेकर वाचन और बैठकर रिहर्सल करने के बाद अब हम रंगमंच पर भरपूर एक्‍शन के साथ इसकी रिहर्सल कर रहे हैं। 
बाजी प्रभु देशपांडे की भूमिका निभा रहे वरिष्‍ठ रंगसाधक चेतन गोविंद दंडवते, सईबाई के रोल में कीर्ति हिशीकर, भारती पलोसदकर जीजा भाई के रूप में और अफजल खान की खूंखार भूमिका में शशि वरवंडकर के साथ आवश्‍यकतानुसार दोपहर को भी महाराष्‍ट्र मंडल में प्रैक्टिस की जा रही है। अभि‍षेक ने बताया कि नाटक में बीसियों छोटी- छोटी भूमिकाएं हैं, जिनके लिए हमारे सहायक कलाकारों का सकारात्‍मक सहयोग मिल रहा है। उन्‍हें रंगप्रेमी दर्शक बार-बार मंच पर विभिन्‍न भूमिकाओं को साकार करते देख सकेंगे। 
शिव शौर्य की विभिन्‍न भूमिकाओं में योगेश दंडवते, श्‍वेता निगम, अभय भागवतकर, पराग दलाल, गणेशा जाधव पाटिल, यशस्‍वी दंडवते, प्रार्थना दंडवते, अनुष्का टेंबे, श्‍याम सुंदर खंगन, अतुल गद्रे, पवन ओगले, रविंद्र ठेंगड़ी सहित अनेक रंगमंचीय कलाकार नजर आएंगे। बैकस्टेज नरेशन भारी भरकम आवाज वाले दीपक हटवार करेंगे। मंच पर नेपश्‍य में अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर और परितोष डोनगांवकर की भूमिकाएं अहम होंगी।