राजनांदगांव। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ता एवं मां बमलेश्वरी फेडरेशन की अध्यक्ष पद्मश्री फुलबासन बाई यादव के कथित अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना आज सुबह लगभग 10:30 बजे उनके सुकूल दहन स्थित निवास पर हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर एक युवती उनके घर पहुंची। उसने फुलबासन बाई यादव से कहा कि वाहन में एक दिव्यांग लड़की बैठी हुई है, जो उनकी बहुत बड़ी प्रशंसक है और उनसे मिलकर फोटो खिंचवाना चाहती है। युवती ने यह भी कहा कि दिव्यांग लड़की वाहन से उतरने की स्थिति में नहीं है, इसलिए वे स्वयं बाहर आकर केवल दो मिनट के लिए फोटो खिंचवा लें।
इस बात पर विश्वास करते हुए फुलबासन बाई यादव वाहन के पास पहुंचीं और गाड़ी के अंदर बैठकर फोटो खिंचवाने की बात कही गई। जैसे ही वह वाहन में बैठीं, पहले से मौजूद दो पुरुषों ने उन्हें जबरदस्ती पकड़कर वाहन के भीतर खींच लिया और गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाने की कोशिश की।
आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकी भी दी गई और कहा गया कि “आज तुम्हारा केक काटने वाला है, जिसकी सूचना राजनांदगांव को मिल जाएगी।” वाहन में मौजूद युवती ने भी कथित रूप से उन्हें शांत रहने और विरोध न करने की बात कही।